PM बिहार दौरा में 3700 करोड़ रुपये की योजनाओं का करेंगे शिलान्‍यास

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बिहार में चार जलमल निकासी परियोजनाओं और चार राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे जिसकी लागत 3769 करोड़ रुपए आएगी. जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इसमें चार जलमल निकासी परियोजनाओं की लागत 738 करोड़ रुपए और चार राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की लागत 3031 करोड़ रुपए है. इन चार राष्ट्रीय राजमार्गों की लम्बाई 195 किलोमीटर होगी. इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास कार्यक्रम मोकामा में होगा जहां प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे.

चार जल निकासी परियोजनाओं में बेउर में जलमल शोधन संयंत्र, बेउर में ही जलमल नेटवर्क के साथ जलमल प्रणाली, करमालीचक में जलमल शोधन संयंत्र तथा सैदपुर में जलमल नेटवर्क निर्माण शामिल है. इन परियोजनाओं से 120 एमएलडी नयी जलमल शोधन संयंत्र क्षमता सृजित होगी. इसके साथ ही बेउर में वर्तमान 20 एमएलडी क्षमता का उन्नयन किया जा सकेगा .

Comments (0)
Add Comment