(एनएलएन मिडिया -न्यूज़ लाइव नाउ) : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को 46वां जन्मदिन है। इस मौके पर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर उन्हें शुभकामनाएं दी। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ट्वीट में कहा, ‘उत्तर प्रदेश के मेहनती मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। योगी जी राज्य में परिवर्तन के लिए प्रयासरत हैं। मैं उनके लिए लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।‘कई सफल फिल्में दे चुके निर्देशक मधुर भंडारकर ने भी ट्वीट कर कहा, ‘उत्तर प्रदेश के सम्माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर आपको स्वस्थ रखे और लोक कल्याण मे अग्रसर रहने की शक्ति दे।’संयोगवश मुख्यमंत्री का जन्मदिन (पांच जून) उसी दिन है जब विश्व पर्यावरण दिवस होता है। आज मुख्यमंत्री कानपुर में पर्यावरण से संबंधित गंगा हरीतिमा कार्यक्रम में शामिल होंगे। हालांकि, योगी अपना जन्म दिन नहीं मनाते। नाथ पंथ की परंपरा के अनुसार, सन्यास लेने के बाद योगी का दूसरा जन्म हो जाता है। पहले जन्म से कोई वास्ता नहीं रहता। लिहाजा वह अपना जन्मदिन नहीं मनाते। बावजूद इसके उनके समर्थक इसे लेकर उत्साहित रहते हैं।मुख्यमंत्री बनने के बाद इस उत्साह का बढ़ना स्वाभाविक है। हिंदू युवा वाहिनी ने अपने संरक्षक के जन्मदिन को पर्यावरण संरक्षण दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस दिन वाहिनी के हर कार्यकर्ता दो पौधा लगाएंगे और उनके संरक्षण का संकल्प भी लेंगे।