बारिश और भूस्खलन से तबाही, हिमाचल में 10 मकान जमींदोज, देहरादून मार्ग ठप होने से मसूरी में 2,500 पर्यटक फंसे

(न्यूज़लाइवनाउ-India) हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश से 10 कच्चे घर जमींदोज हो गए। सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि हुई मूसलाधार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से उत्तराखंड अब तक पूरी तरह संभल नहीं पाया है। देहरादून मार्ग कई हिस्सों से टूट जाने के कारण मसूरी में करीब 2,500 पर्यटक फंस गए हैं।

हिमालयी राज्यों में मानसूनी आफत का सिलसिला जारी है। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को कई इलाकों में जोरदार वर्षा हुई। कांगड़ा जिले में 10 घर पूरी तरह ढह गए, जबकि लगभग 50 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। 64 पशुशालाओं और एक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। इस मानसून में अब तक प्रदेश में 1,500 से ज्यादा मकान ध्वस्त हो चुके हैं। 417 लोगों की मौत हो चुकी है और 45 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। राज्यभर में 517 सड़कें, 441 ट्रांसफार्मर और 274 पेयजल परियोजनाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।

देहरादून प्रशासन के अनुसार, बादल फटने से आई बाढ़ ने दून-मसूरी मार्ग को कई स्थानों पर तोड़ दिया है। मार्ग को दुरुस्त करने का प्रयास जारी है और तब तक यात्रियों से वहीं रुकने की अपील की गई है। हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए कोल्हूखेत में एक अस्थायी बेली ब्रिज बनाया जा रहा है, जिसके शीघ्र चालू होने की उम्मीद है। बुधवार को विकासनगर की ओर का मार्ग खुलने से कुछ सैलानी वहां से लौट गए।

बंगाल में भी भारी बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने 19 सितंबर तक पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी है। दार्जीलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के दक्षिणी हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जना और बिजली गिरने की आशंका है।

देहरादून आपदा : मृतकों का आंकड़ा 22, लापता बढ़कर 23दून घाटी में आई आपदा में बुधवार को पांच और शव बरामद हुए हैं। इनमें तीन शव देहरादून में और दो शव सहारनपुर के मिर्ज़ापुर स्थित यमुना नदी से मिले। इसके साथ ही मृतकों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। राहत और बचाव अभियान तेज होने पर आपदा की भयावहता और उजागर हुई है। अब लापता लोगों की गिनती 23 हो गई है, जिनमें फुलेत गांव के सहारनपुर के छह मजदूर भी शामिल हैं। हालांकि, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आधिकारिक तौर पर 16 मौत और 17 लापता होने का ही विवरण जारी किया है। कई गांवों में एसडीआरएफ सुबह से ही तलाशी अभियान चला रही है।

Heavy rainhindi newsIndiaLandslidesweather update