(न्यूज़लाइवनाउ-USA) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को तुर्की के राष्ट्रपति रजब तैयब अर्दोआन से बातचीत की थी। उस मुलाकात की तस्वीरें और दोनों की मीडिया के सामने हुई चर्चा का वीडियो भी व्हाइट हाउस की ओर से सार्वजनिक किया गया। लेकिन पाकिस्तान के नेताओं संग हुई मुलाकात की कोई भी तस्वीर या वीडियो न जारी किया जाना कई हलकों में जिज्ञासा का कारण बन गया।
मुलाकात को और रहस्यमयी बना रहा
गुरुवार को ट्रंप ने पाकिस्तान के आर्मी चीफ जनरल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से व्हाइट हाउस में बैठक की। हालांकि, किन मुद्दों पर बातचीत हुई यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। ट्रंप पहले ही प्रेस से बातचीत में इस बैठक में विलंब की बात कह चुके थे। अब तस्वीरें और वीडियो न आना इस मुलाकात को और रहस्यमयी बना रहा है।
आमतौर पर परंपरा रही है कि व्हाइट हाउस ट्रंप और उनके मेहमान राष्ट्राध्यक्षों की तस्वीरें बैठक से पहले या बाद में साझा करता रहा है। कई बार व्हाइट हाउस चर्चाओं का वीडियो या तस्वीरें जारी करता है और राष्ट्रपति मुलाकाती नेताओं के साथ मीडिया से औपचारिक या अनौपचारिक संवाद भी करते हैं। लेकिन पाकिस्तान के मामले में अभी तक ऐसा कुछ नहीं हुआ।
वहीं, गुरुवार को अर्दोआन संग हुई मुलाकात का पूरा विवरण व्हाइट हाउस ने सार्वजनिक किया था। उसके विपरीत पाकिस्तान से जुड़े नेताओं के साथ हुई बातचीत पर चुप्पी साध लेना चर्चाओं को जन्म दे रहा है।
पाकिस्तानी पीएम कार्यालय ने दी स्पष्टीकरण
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि इस बातचीत में अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वैंस और विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी मौजूद थे। पीएमओ के मुताबिक, बैठक सकारात्मक माहौल में संपन्न हुई लेकिन यह करीब आधे घंटे की देरी से शुरू हुई और मीडिया को इसमें शामिल नहीं किया गया। देरी का कारण यह बताया गया कि ट्रंप कुछ अहम कार्यकारी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर रहे थे।
हालांकि, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय और कुछ विदेशी समाचार एजेंसियों ने मुलाकात की कुछ तस्वीरें जारी की हैं। इनमें ट्रंप, शरीफ और मुनीर को टेबल पर चर्चा करते देखा जा सकता है। एक अन्य तस्वीर में ट्रंप अपनी खासियत माने जाने वाले “थंब्स अप” अंदाज में दोनों नेताओं के साथ खड़े दिखाई दिए।