(न्यूज़लाइवनाउ-India) एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत से हारने के बाद पाकिस्तान टीम के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर बेहद निराश नजर आए। उनकी हालत ऐसी थी कि वे साफ-साफ शब्द भी नहीं बोल पा रहे थे।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात देकर अपना 9वां एशिया कप खिताब अपने नाम किया। इस हार के बाद अख्तर का गुस्सा साफ झलक रहा था। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की नहीं बल्कि प्रबंधन की गलतियों ने पाकिस्तान को नुकसान पहुंचाया।
पाकिस्तान की पारी की शुरुआत अच्छी रही थी। ओपनर साहिबजादा फरहान (57) और फखर जमां (46) ने उपयोगी साझेदारी निभाई, मगर उसके बाद मिडिल ऑर्डर पूरी तरह ढह गया और पूरी टीम 146 रन पर आउट हो गई। दूसरी ओर भारत की पारी भी शुरुआत में डगमगाई, जब शुरुआती तीन विकेट मात्र 20 रन पर गिर गए। हालांकि तिलक वर्मा (69) ने संयमित और दमदार पारी खेलते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्हें संजू सैमसन (24) और शिवम दुबे (33) का अच्छा सहयोग मिला।
अख्तर ने मैनेजमेंट पर साधा निशाना
शोएब अख्तर का कहना था कि यह केवल खिलाड़ियों की कमजोरी नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “असल समस्या मिडिल ऑर्डर नहीं, बल्कि प्रबंधन की है। सही खिलाड़ियों को टीम में फिट करने में नाकामी उनकी है। कोचिंग बिल्कुल निरर्थक और दिशा-हीन रही है। माफी चाहता हूं, लेकिन सच यही है कि यह ‘सेंसलेस कोचिंग’ है। हमारे मैच विनर खिलाड़ी, जैसे सलमान मिर्जा और हसन नवाज, सही तरह से उपयोग नहीं किए गए।”
बोलने में भी दिक्कत झेल रहे थे अख्तर
अपने बेबाक अंदाज़ के लिए मशहूर शोएब अख्तर इस हार के बाद इतने हताश थे कि बातचीत करते समय उनकी आवाज़ लड़खड़ा रही थी। वे एक बात कहते-कहते अचानक दूसरी ओर मुड़ जाते। उन्होंने कहा, “यह सुपर संडे था और पूरा मुल्क देख रहा था। हमारी मध्यक्रम की समस्या किसी से छिपी नहीं है। हम सभी जानते थे, फिर भी उसका हल नहीं निकाला गया।”