(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : एलन मस्क की कंपनी स्पेस-एक्स अगले नौ सालों में 12 हजार सैटेलाइट पृथ्वी की कक्षा में स्थापित करेगी। अमेरिकी अधिकारियों ने इसी हफ्ते प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। यूएस फेडरल कम्युनिकेशन कमीशन (एफसीसी) अगले 10 साल में उपभोक्ताओं के लिए इंटरनेट को सस्ता और तेज बनाना चाहता है। साथ ही इसे पूरी तरह वायरलेस करने की भी तैयारियां चल रही हैं।1957 में पहला सैटेलाइट स्पुतनिक लॉन्च किया गया था। तब से दुनियाभर में आठ हजार ऑब्जेक्ट अंतरिक्ष में भेजे जा चुके हैं। माना जाता है कि इनमें से 25% से 50% सैटेलाइट अभी भी चालू हालत में हैं।एफसीसी ने गुरुवार को बयान जारी कर कहा कि स्पेस-एक्स को 7518 सैटेलाइट लॉन्च करने के लिए अधिकृत कर दिया गया है। कंपनी के पास पहले से ही 4425 सैटेलाइट लॉन्च करने की अनुमति है। अभी तक प्रोजेक्ट से जुड़ा एक भी सैटेलाइट लॉन्च नहीं किया गया है। हालांकि, स्पेस-एक्स को अगले छह सालों में आधे (करीब 6000) सैटेलाइट और नौ सालों में सभी सैटेलाइट लॉन्च करने होंगे।स्पेस-एक्स ज्यादातर सैटेलाइटों को पृथ्वी की निचली कक्षा- यानी 335 किलोमीटर से 346 किलोमीटर की ऊंचाई के दायरे में रखेगा। यह इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (आईएसएस) से नीचे रहेंगी, जो कि पृथ्वी से 400 किमी ऊपर स्थित है। दरअसल, निचली कक्षा से जमीन की दूरी कम होने की वजह से कनेक्शन काफी बेहतर होगा। इससे उपभोक्ताओं को इंटरनेट की ज्यादा तेज स्पीड मिलेगी। हालांकि, सैटेलाइट का निचली कक्षा में बने रहना काफी मुश्किल हो सकता है।