दिल्ली की सीएम पर हमला करने वाला आरोपी 5 दिन की पुलिस हिरासत में, देर रात अदालत में हुई पेशी

(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमले के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी राजेश खिमजी को अदालत ने पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी को आधी रात को अदालत में पेश किया गया था।

सीएम आवास पर हमला

बुधवार सुबह मुख्यमंत्री आवास पर चल रही जनसुनवाई के दौरान एक शख्स फरियादी बनकर पहुंचा और अचानक सीएम पर हमला कर दिया। उसने पहले कुछ कागज सौंपे, फिर शोरगुल करते हुए मुख्यमंत्री का हाथ और बाल पकड़ लिए तथा धक्का-मुक्की करने लगा।

आंखोंदेखी गवाहों के अनुसार आरोपी ने सीएम को थप्पड़ भी मारा, हालांकि प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने इस दावे को नकार दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को काबू कर लिया और उसकी पिटाई भी कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त मधुर वर्मा और डीसीपी राजा बांठिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार हुआ। आरोपी की पहचान गुजरात, राजकोट निवासी राजेश भाई खिमजी भाई सकरिया (41) के रूप में हुई। उसे तत्काल सिविल लाइंस थाने ले जाया गया।

गुप्त स्थान पर पूछताछ

हमले की खबर फैलते ही खुफिया एजेंसियां भी थाने पहुंचीं। भीड़ बढ़ने पर आरोपी को किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर पूछताछ की गई। आरोपी की मां भानुबेन ने बताया कि उसका बेटा पशुप्रेमी (डॉग लवर) है और मानसिक रूप से अस्थिर भी रहता है।

दोपहर तक पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया। जांच में पता चला कि राजेश पिछले 24 घंटे से सीएम आवास की टोह ले रहा था। मंगलवार को उसने शालीमार बाग स्थित मुख्यमंत्री के निजी निवास की भी रेकी की थी।

पुलिस ने उसके पास से मोबाइल, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज बरामद किए। अब यह जांच की जा रही है कि कहीं वह किसी राजनीतिक साजिश का हिस्सा तो नहीं और उसके साथ कौन-कौन दिल्ली आया था। फिलहाल सीएम आवास की सुरक्षा को और सख्त कर दिया गया है।

बुधवार सुबह करीब 8:20 बजे आरोपी मुख्यमंत्री के सामने पहुंचा। उसने बातचीत का बहाना किया और अचानक ऊंची आवाज़ में चिल्लाने लगा। इसी बीच उसने मुख्यमंत्री को पकड़कर धक्का-मुक्की की, जिससे सीएम का सिर मेज के किनारे से टकरा गया और उन्हें चोट लगी। थप्पड़ मारने की बात को लेकर विरोधाभासी बयान सामने आ रहे हैं

बाद में आरोपी को थाने में लाकर पूछताछ की गई। गुजरात पुलिस भी उसके घर राजकोट पहुंची। जांच में पता चला कि वह कोठरिया रोड स्थित गोकुल पार्क में पत्नी, बेटे और माता-पिता के साथ रहता है। उसकी मां ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के कुत्तों से जुड़े हालिया आदेश को लेकर वह काफी परेशान था।

भानुबेन का कहना है कि राजेश स्वभाव से गुस्सैल है और मानसिक हालत भी सामान्य नहीं है। वह रविवार को घर से यह कहकर निकला था कि कुत्तों के मामले में हो रहे विरोध में शामिल होने जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर उसने मुख्यमंत्री आवास की रेकी क्यों की और उसके साथ और कौन लोग थे।

delhiDelhi CMRekha Gupta