साल का अंतिम सूर्य ग्रहण आज, जानें भारत में दिखेगा या नहीं

(न्यूज़लाइवनाउ-India) आज यानी 21 सितंबर 2025 को वर्ष का आखिरी सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। खगोल और धार्मिक दृष्टिकोण से ग्रहण को बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। यह इस साल का अंतिम सौर ग्रहण होगा।

ठीक 15 दिन पहले यानी 07 सितंबर को साल का अंतिम चंद्र ग्रहण पड़ा था, जिसे भारत से देखा गया था। वहीं, आज का सूर्य ग्रहण आंशिक स्वरूप में होगा। आंशिक ग्रहण में चंद्रमा सूर्य के केवल कुछ हिस्से को ढक देता है। धार्मिक मान्यताओं में इसे राहु और केतु का प्रभाव माना जाता है। परंपरागत रूप से ग्रहण के दौरान मांगलिक और शुभ कार्यों को वर्जित बताया गया है।

ग्रहण का समय

आज रात भारतीय समयानुसार 10 बजकर 59 मिनट पर सूर्य ग्रहण की शुरुआत होगी और यह लगभग 03 बजकर 23 मिनट तक चलेगा। यानी कुल अवधि लगभग 4 घंटे 24 मिनट होगी। चूँकि यह समय भारत में रात्रि का होगा, इसलिए यहाँ यह ग्रहण दिखाई नहीं देगा।

हिंदू परंपरा के मुताबिक सूर्य ग्रहण शुरू होने से 12 घंटे पहले सूतक काल शुरू हो जाता है। इस अवधि में किसी भी प्रकार के शुभ कार्यों से परहेज़ किया जाता है और मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाते हैं। हालांकि, चूँकि यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा, इसलिए यहाँ सूतक काल मान्य नहीं होगा।

कहाँ दिखेगा यह ग्रहण?
यह सूर्य ग्रहण भारत से नहीं देखा जा सकेगा। लेकिन अमेरिका, समोआ, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, फिजी और अटलांटिक महासागर के कुछ हिस्सों में इसे साफ़ तौर पर देखा जा सकेगा।

जब चंद्रमा अपनी परिक्रमा करते हुए सूर्य और पृथ्वी के बीच आ जाता है, तब कुछ समय के लिए सूर्य का प्रकाश पृथ्वी तक नहीं पहुँच पाता। इसी घटना को सूर्य ग्रहण कहा जाता है। सूर्य ग्रहण के तीन प्रकार होते हैं—

  • पूर्ण सूर्य ग्रहण – जब सूर्य पूरी तरह ढक जाता है।
  • आंशिक सूर्य ग्रहण – जब केवल कुछ भाग ढकता है।
  • वलयाकार सूर्य ग्रहण – जब सूर्य का मध्य भाग ढक जाता है और किनारों पर अंगूठी जैसी आकृति रह जाती है।

Surya Grehan