(न्यूज़लाइवनाउ-Delhi) आज भी जैसे ही संसद की कार्यवाही शुरू हुई, दोनों सदनों में जोरदार शोर-शराबा देखने को मिला, जिसके चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
संसद का मानसून सत्र सोमवार से आरंभ हुआ है, लेकिन ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस ने माहौल को गरमा दिया है। विपक्षी दलों ने पहलगाम आतंकी वारदात और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करते हुए सरकार से जवाब की मांग की। इस दौरान सदन में जमकर नारेबाजी हुई, जिससे बाधा उत्पन्न हुई और लोकसभा को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा। विपक्ष सरकार को कठघरे में खड़ा करने की रणनीति पर अडिग है, जबकि केंद्र सरकार चर्चा के लिए तैयार नजर आ रही है। संसद का वातावरण आज भी पहले जैसा तनावपूर्ण बना रहा।
महज दो मिनट में लोकसभा स्थगित
लोकसभा की कार्यवाही प्रारंभ होते ही विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोकसभा अध्यक्ष ने माहौल शांत कराने की भरपूर कोशिश की, लेकिन सदन में शांति स्थापित नहीं हो सकी। इस बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि “आज किसानों के प्रश्नों का दिन है, हमें प्रश्न पूछने दीजिए, हम हर सवाल का उत्तर देंगे।” लेकिन विपक्ष का विरोध जारी रहा, जिसके चलते कार्यवाही महज दो मिनट में रोक दी गई।
राज्यसभा की कार्यवाही आज उपसभापति हरिवंश की अध्यक्षता में शुरू हुई, क्योंकि उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने हाल ही में अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। हालांकि, यहां भी जैसे ही सत्र प्रारंभ हुआ, विरोध के स्वर गूंजने लगे और हंगामे के चलते राज्यसभा की बैठक को भी 12 बजे तक स्थगित करना पड़ा।