यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक टक्कर, कार चकनाचूर—छह की मौके पर मौत, कई घायल

(न्यूज़लाइवनाउ-UP) मथुरा ज़िले के बलदेव क्षेत्र में शनिवार की सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसने सभी को झकझोर कर रख दिया। एक अनजान वाहन की ज़बरदस्त टक्कर से ईको कार के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे के वक्त सभी लोग नोएडा से आगरा की ओर जा रहे थे।

सुबह तीन बजे मच गई चीख-पुकार

यह हादसा यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 140 के पास तड़के करीब तीन बजे हुआ। अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से ईको कार बुरी तरह पिचक गई और उसके टुकड़े सड़क पर बिखर गए। दुर्घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ईको गाड़ी में सवार सभी यात्री नोएडा से आगरा जा रहे थे। जान गंवाने वालों में धर्मवीर (पुत्र जवर सिंह, ग्राम हरलालपुरा, थाना बासोनी, आगरा), रोहित और आर्यन (धर्मवीर के पुत्र), दलवीर उर्फ छुल्ले, पारस सिंह तोमर (पुत्रगण विश्वनाथ सिंह, ग्राम बढ़पुरा हुसैद, थाना महोबा, मध्य प्रदेश) शामिल हैं। वहीं धर्मवीर की पत्नी सोनी और पुत्री पायल बुरी तरह घायल हुई हैं और उन्हें चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

टक्कर मारने वाला वाहन फरार

क्षेत्राधिकारी संजीव कुमार राय और थाना प्रभारी रंजना सचान ने बताया कि ईको कार को टक्कर मारने वाला वाहन फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। हादसे की जांच में तेजी लाई जा रही है।

Road AccidentUP NewsYamuna Expressway