(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : रूस ने कहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान (ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल) देगा। यह जानकारी नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास ने शुक्रवार को दी। यह अवार्ड उन हस्तियों को दिया जाता है जो रूस के साथ संबंधों को मजबूत बनाने में अंतरराष्ट्रीय नेतृत्व में योगदान करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी यह पुरस्कार भारत और रूस के बीच संबंधों को मजबूती देने के लिए दिया जाएगा।रूसी दूतावास के बयान में कहा गया है कि रूस ने 12 अप्रैल को भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ सेंट एंड्रयू द एपोस्टल’ से सम्मानित करने का फैसला किया।बता दें कि यह सातवां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सम्मानित हुए हैं। प्रधानमंत्री को संयुक्त अरब अमीरात के सर्वोच्च नागरिक अवार्ड ‘जायद मेडल’ से सम्मानित किए जाने के एक हफ्ते बाद रूसी पुरस्कार मिला है। प्रधानंमत्री नरेंद्र मोदी संयुक्त राष्ट्र के सर्वोच्च पर्यावरण सम्मान ‘चैंपियंस ऑफ अर्थ द अवार्ड’ से भी सम्मानित किए जा चुके हैं। इसी साल फरवरी में उन्हें दक्षिण कोरिया में सियोल शांति पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।