(न्यूज़लाइवनाउ-USA) अमेरिका और ईरान के बीच जारी युद्ध के बीच अमेरिकी सेना में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने सेना प्रमुख जनरल रैंडी जॉर्ज को तत्काल प्रभाव से पद छोड़ने और सेवा से निवृत्त होने के निर्देश दिए हैं।
कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया
पेंटागन की ओर से इस फैसले की पुष्टि करते हुए बताया गया कि जॉर्ज अब तुरंत रिटायर हो रहे हैं। हालांकि उन्हें हटाने के पीछे कोई स्पष्ट कारण सार्वजनिक रूप से नहीं बताया गया है।
जनरल रैंडी जॉर्ज को साल 2023 में इस पद पर नियुक्त किया गया था और उनका कार्यकाल आमतौर पर चार साल का होता है, लेकिन अब उनका कार्यकाल समय से पहले ही समाप्त कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री हेगसेथ सेना में ऐसा नेतृत्व चाहते हैं जो उनकी रणनीति और सरकार की नीतियों को पूरी तरह लागू कर सके। इसी कारण हाल के समय में कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों को उनके पद से हटाया गया है।
जनरल जॉर्ज एक अनुभवी सैन्य अधिकारी रहे हैं और उन्होंने इराक, अफगानिस्तान और खाड़ी युद्ध जैसे अभियानों में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा वे पूर्व रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन के सैन्य सलाहकार भी रह चुके हैं।
उनकी जगह फिलहाल जनरल क्रिस्टोफर लानेव को कार्यवाहक सेना प्रमुख बनाया गया है, जो पहले उप-सेना प्रमुख के पद पर तैनात थे।यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब अमेरिका मध्य-पूर्व में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ा रहा है और ईरान के साथ संघर्ष लगातार गहराता जा रहा है। ऐसे में सेना के शीर्ष स्तर पर यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।