(न्यूज़लाइवनाउ-USA) अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बयानबाज़ी और भी तीखी हो गई है। हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले हफ्तों में अमेरिका ऐसे हमले करेगा जिससे ईरान “पाषाण युग” (स्टोन एज) में पहुंच जाएगा।
ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान की ओर से कड़ा जवाब सामने आया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर मेजर जनरल माजिद मौसवी ने अमेरिका के इस रवैये को “हॉलीवुड जैसी कल्पना” बताया।
6000 साल पुरानी सभ्यता को धमकी
मौसवी ने पलटवार करते हुए कहा कि अमेरिका खुद अपने सैनिकों को खतरे में डाल रहा है, न कि ईरान। उनका कहना था कि जिस देश का इतिहास सिर्फ करीब 250 साल पुराना है, वह 6000 साल पुरानी सभ्यता को धमकी दे रहा है, जो हास्यास्पद है।
ईरानी कमांडर ने यह भी कहा कि अमेरिका की सोच वास्तविकता से दूर है और वह भ्रम में जी रहा है। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर संघर्ष बढ़ा तो नुकसान अमेरिका को ही अधिक उठाना पड़ेगा।
दरअसल, यह बयान उस समय आया जब अमेरिका ने संकेत दिया है कि वह अगले 2-3 हफ्तों में ईरान पर और अधिक आक्रामक कार्रवाई कर सकता है। इसके जवाब में ईरान भी लगातार कड़ा रुख अपनाते हुए जवाबी कार्रवाई की बात कर रहा है।