वंदे मातरम् विवाद: सोनिया और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत, जांच शुरू

(न्यूज़लाइवनाउ-New Delhi) कांग्रेस मुख्यालय में 15 अगस्त को आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की मांग की गई है। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता शुभ शर्मा ने 16 अगस्त को दिल्ली के आईपी एस्टेट थाने में शिकायत दी।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन के समय सोनिया गांधी की ओर से ऐसे इशारे किए गए, जिन्हें शिकायतकर्ता ने गीत को आगे जारी रखने पर आपत्ति के तौर पर देखा है। इसके अलावा शिकायत में राहुल गांधी से जुड़ा एक वीडियो भी शामिल किया गया है। आरोप है कि वीडियो में राहुल गांधी कथित रूप से यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि ‘हम वंदे मातरम् नहीं गा रहे हैं।

’शुभ शर्मा ने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। शिकायत में राष्ट्रीय गीत के गायन में कथित तौर पर बाधा डालने या उसे जानबूझकर रोकने से संबंधित कानूनी प्रावधानों का भी उल्लेख किया गया है।शिकायतकर्ता ने पुलिस से घटना की निष्पक्षता के साथ पड़ताल करने और जांच में यदि कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

मामले पर दिल्ली पुलिस की ओर से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि 15 अगस्त 2026 को कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के गायन से जुड़ी कथित घटना को लेकर मिली शिकायत की जांच की जा रही है।फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध सामग्री की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

Rahul GandhiSonia GandhiVande mataram