(न्यूज़लाइवनाउ-Germany) जर्मनी के नॉर्थ राइन-वेस्टफेलिया राज्य के मोएर्स शहर में स्थित एक गुरुद्वारे में दो गुटों के बीच भयंकर टकराव हो गया। इस घटना में कम से कम 11 लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद अचानक शुरू हुआ, लेकिन देखते ही देखते यह झगड़ा हिंसक रूप ले बैठा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुद्वारे के अंदर करीब 40 से अधिक लोग आपस में भिड़ गए। झड़प इतनी बढ़ गई कि लोगों ने चाकू, कृपाण और पेपर स्प्रे जैसे हथियारों का इस्तेमाल किया। इतना ही नहीं, एक व्यक्ति द्वारा पिस्टल से फायरिंग करने की भी बात सामने आई है, जिससे माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया।
SEK को बुलाया गया
घटना उस समय हुई जब गुरुद्वारे में धार्मिक कार्यक्रम शुरू होने वाला था। अचानक हुए हमले में कई लोग घायल हो गए, जिनमें ज्यादातर को सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं में डर फैल गया।
सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। हालात को काबू में करने के लिए विशेष टैक्टिकल यूनिट (SEK) को भी बुलाया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है।
जांच में यह बात सामने आई है कि यह विवाद गुरुद्वारे की कमेटी और धन (दान राशि) के नियंत्रण को लेकर लंबे समय से चल रहे मतभेद का नतीजा था। पुराने और नए प्रबंधन के बीच वर्चस्व की लड़ाई धीरे-धीरे बढ़ती गई और आखिरकार हिंसा में बदल गई।
पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हिंसा की साजिश किसने रची और इसमें कौन-कौन शामिल था। वहीं, घायलों का इलाज कराया गया है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।