(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : छत्तीसगढ़ के प्रमुख नक्सल इलाकों में से एक बस्तर से पुलिस और नक्सलियों में मुठभेड़ की खबर है। दूरदर्शन की मीडिया टीम पर आतंकियों ने मंगलवार सुबह हमला कर दिया जिसमें एक कैमरामैन की मौत हो गई। उनकी सुरक्षा में लगे दो जवान भी शहीद हो गए। बताया जा रहा है कि मौके पर करीब 200 नक्सली मौजूद हैं। इस घटना की पुष्टी दंतेवाड़ा एसपी अभिषेक पल्लव ने की है। मिली जानकारी के अनुसार दूरदर्शन की टीम चुनाव के कवरेज के लिए दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र में पहुंची थी। इसी दौरान सर्चिंग पर निकले जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक कांस्टेबल और एक एसआई रुद्रप्रताप सिंह शहीद हो गए। वहीं नक्सलियों की ओर से हुई गोलीबारी में दूरदर्शन के कैमरा मैन अचितानंद और रिपोर्टर को गोली लग गई, जिसमें कैमरा मैन की मौत हो गई। घायल रिपोर्टर को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।