केरल में नई सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 21 सदस्य शामिल होंगे

(न्यूज़लाइवनाउ-Kerala) केरल में नई सरकार के गठन को लेकर यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने लंबी बैठकों और मंथन के बाद आखिरकार मंत्रिमंडल की सूची तय कर ली है। मुख्यमंत्री पद के लिए चुने गए वी. डी. सतीशन रविवार शाम राजभवन पहुंचे और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को मंत्रियों की सूची सौंपी। 

बताया जा रहा है कि नई सरकार में मुख्यमंत्री समेत कुल 21 सदस्य शामिल होंगे। शपथ ग्रहण समारोह 18 मई की सुबह तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। 

दरअसल, 14 मई को कांग्रेस नेतृत्व ने वी. डी. सतीशन को विधायक दल का नेता घोषित किया था। इसके बाद से ही सरकार गठन और मंत्रिपदों के बंटवारे को लेकर कई दौर की चर्चाएं चल रही थीं। कांग्रेस और सहयोगी दलों के बीच विभागों और प्रतिनिधित्व को लेकर लगातार बातचीत होती रही, जिसके बाद अंतिम सहमति बन पाई। 

इस बार केरल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नीत UDF ने बड़ी जीत हासिल की है। गठबंधन को दो-तिहाई से अधिक बहुमत मिला, लेकिन मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट सक्रिय थे। कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आने से फैसला लेने में देरी हुई। अंततः केंद्रीय नेतृत्व ने वी. डी. सतीशन के नाम पर मुहर लगाई। 

सरकार गठन से पहले सतीशन ने वरिष्ठ नेताओं और सहयोगी दलों के साथ लगातार बैठकें कीं। उन्होंने पार्टी में एकजुटता बनाए रखने पर जोर दिया और साफ किया कि नई सरकार सामूहिक नेतृत्व के आधार पर काम करेगी। 

सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल में अनुभवी चेहरों के साथ कुछ नए नेताओं को भी मौका दिया जा सकता है। हालांकि विभागों का अंतिम बंटवारा शपथ ग्रहण के बाद औपचारिक रूप से घोषित होगा। 

Elections 2026KeralaKerala Government