बम धमाकों की धमकी से यूरोप में मचा हड़कंप, इटली के 300 से ज्यादा स्कूल खाली; स्कॉटलैंड और आयरलैंड भी निशाने पर

यूरोप के कई देशों में बुधवार को बम धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इटली में ईमेल के जरिए विस्फोट करने की धमकी मिलने के बाद 300 से अधिक स्कूलों को एहतियातन खाली करा लिया गया। इस घटनाक्रम ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच चिंता बढ़ा दी। वहीं, स्कॉटलैंड, उत्तरी आयरलैंड और आयरलैंड के कई शिक्षण संस्थानों को भी इसी तरह के धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए हैं।

इटली में 300 से अधिक स्कूलों को कराया गया खाली

इटली में बुधवार को कई स्कूलों के प्रमुखों को ईमेल के माध्यम से बम रखे होने की सूचना दी गई। इसके बाद स्थानीय पुलिस की सलाह पर अलग-अलग स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को परिसर से बाहर निकाल लिया गया। इटली के शिक्षा मंत्री ग्यूसेपे वाल्दितारा ने बताया कि करीब 300 स्कूल इन धमकियों से प्रभावित हुए हैं। हालांकि, प्रभावित संस्थानों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई।

राजधानी रोम समेत देश के कई इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी। कुछ स्कूलों ने अभिभावकों को संदेश भेजकर बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने की जानकारी दी और उन्हें वापस ले जाने के लिए कहा।

प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भी मिली धमकी

इस मामले को और गंभीर बनाने वाली बात यह है कि धमकी भरे ईमेल में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को भी निशाना बनाया गया था। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, गुमनाम संदेश में प्रधानमंत्री की कार में विस्फोटक लगाए जाने का दावा भी किया गया था।

प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं मिला है, जिससे किसी वास्तविक खतरे की पुष्टि होती हो। शुरुआती आकलन के अनुसार, इन संदेशों का मकसद लोगों के बीच भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करना हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने मंत्रियों के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक भी बुलाई।

स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के स्कूलों को भी मिले संदेश

बम की धमकियों का सिलसिला केवल इटली तक सीमित नहीं रहा। स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड के सैकड़ों स्कूलों को भी इसी तरह के ईमेल प्राप्त हुए। उत्तरी आयरलैंड की पुलिस के मुताबिक, 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों को धमकी भरा संदेश भेजा गया था।

पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में इन संदेशों को फर्जी धमकी यानी होक्स माना जा रहा है। फिलहाल आम नागरिकों के लिए खतरे का स्तर कम आंका गया है। वहीं, स्कॉटलैंड पुलिस ने भी स्पष्ट किया कि प्राप्त संदेशों में किसी विश्वसनीय खतरे के संकेत नहीं मिले हैं। इसलिए स्कूलों को खाली कराने या विद्यार्थियों को घर पर रखने की आवश्यकता नहीं बताई गई।

आयरलैंड की पुलिस ने भी कई शैक्षणिक संस्थानों को संदिग्ध संदेश भेजे जाने की पुष्टि की है। हालांकि, वहां भी तत्काल स्कूल खाली कराने का निर्देश जारी नहीं किया गया।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं

यूरोप में इस तरह की धमकियों का मामला पहली बार सामने नहीं आया है। पिछले सप्ताह कई यूरोपीय प्रसारण संस्थानों को भी ईमेल के जरिए धमकियां मिली थीं। इन संदेशों में इस्तेमाल किया गया नाम इटली के स्कूलों को भेजे गए ईमेल में भी सामने आया है। हालांकि, जांच एजेंसियों ने अभी तक किसी संगठन, देश या सरकार की संलिप्तता की पुष्टि नहीं की है।

हाल के दिनों में यूरोप में विमानन सेवाओं और अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों को भी इस तरह की धमकियों तथा साइबर हमलों का सामना करना पड़ा है। इससे सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल इटली, स्कॉटलैंड और उत्तरी आयरलैंड की पुलिस ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि अलग-अलग देशों में भेजे गए संदेशों के पीछे एक ही नेटवर्क या किसी सुनियोजित अभियान का हाथ तो नहीं है।

Bomb ThreatEuropeIrelandPanic