ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मसूद मलिक, दिल्ली में SCO संवाद मंच में लेंगे हिस्सा

पाकिस्तान और भारत के बीच तनावपूर्ण रिश्तों के बीच एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम सामने आया है। पाकिस्तान के संघीय मंत्री डॉ. मुसादिक मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंच गए हैं। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत दौरे पर आया है। वह यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यता संवाद मंच में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मामलों के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक का दिल्ली एयरपोर्ट पर पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक साद वाराइच ने स्वागत किया। पाकिस्तान के उच्चायोग ने भी सोशल मीडिया के जरिए उनके भारत पहुंचने की जानकारी साझा की।

20 से 22 नवंबर तक आयोजित होगा SCO सभ्यता संवाद मंच

नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक SCO सभ्यता संवाद मंच का आयोजन किया जा रहा है। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में मुसादिक मसूद मलिक पाकिस्तान की ओर से शामिल होंगे। वह विभिन्न विषयगत सत्रों में हिस्सा लेकर सभ्यताओं के बीच संवाद, सांस्कृतिक सहयोग और इस दिशा में पाकिस्तान के योगदान पर अपना पक्ष रखेंगे। यह कार्यक्रम दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित किया जा रहा है।

3 साल से अधिक समय बाद भारत आया पाकिस्तानी मंत्री

मुसादिक मसूद मलिक का यह दौरा कई मायनों में अहम माना जा रहा है। मई 2023 में तत्कालीन पाकिस्तानी विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO की बैठक में शामिल होने गोवा आए थे। उसके बाद तीन साल से अधिक समय के अंतराल में पाकिस्तान के किसी संघीय मंत्री का यह पहला भारत दौरा है। वहीं, ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच यह उच्चस्तरीय कूटनीतिक संपर्क भी खास महत्व रखता है।

भारत ने SCO के सदस्य देशों को दिया था आमंत्रण

भारत की ओर से आयोजित इस संवाद मंच के लिए SCO के सदस्य देशों, पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को आमंत्रित किया गया था। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न सभ्यताओं के बीच साझा विरासत, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, आपसी समझ और सहयोग को बढ़ावा देना है। पाकिस्तान की भागीदारी ऐसे समय में हो रही है, जब पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव बना हुआ है।

Indiamusadik masood mlikOperation SindoorPakistanSCO