भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी की समुद्री निगरानी (Long Range Maritime Reconnaissance-LRMR) के क्षेत्र में अपनी स्थापना के 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं। 18 नवंबर 1976 को शुरू हुआ यह सफर आज अत्याधुनिक बोइंग पी-8आई विमानों तक पहुंच चुका है। इस उपलब्धि के साथ नौसेना अपने हवाई निगरानी दस्ते INAS 312 की स्वर्ण जयंती भी मना रही है, जिसे ‘अल्बाट्रॉस’ के नाम से जाना जाता है। बीते पांच दशकों में नौसेना ने समुद्र के विस्तृत इलाकों पर नजर रखने, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान करने और पनडुब्बियों का पता लगाने की अपनी क्षमता में उल्लेखनीय विस्तार किया है।
दरअसल, वर्ष 1971 के युद्ध के बाद समुद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए लंबी दूरी तक उड़ान भरने वाले गश्ती विमानों की आवश्यकता महसूस हुई थी। ऐसे विमानों की जरूरत थी, जो युद्धपोतों और हेलीकॉप्टरों के साथ तालमेल बनाकर समुद्र में निगरानी कर सकें। इसी उद्देश्य से भारतीय नौसेना ने लंबी दूरी की समुद्री टोही की जिम्मेदारी अपने हाथों में ली।
इस दिशा में 18 नवंबर 1976 को गोवा के INS हंसा में नौसेना के एयर स्क्वॉड्रन INAS 312 की शुरुआत हुई। शुरुआती दौर में भारतीय वायुसेना से मिले पांच लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन विमानों को इसमें शामिल किया गया था। इन्हीं विमानों ने नौसेना की लंबी दूरी की हवाई निगरानी व्यवस्था की बुनियाद तैयार की।
इसके बाद वर्ष 1977 में इल्युशिन IL-38 विमानों को बेड़े में शामिल किया गया। इनके आने से समुद्री निगरानी के साथ-साथ दुश्मन की पनडुब्बियों का पता लगाने की क्षमता को भी मजबूती मिली। वर्ष 1988 में टुपोलेव TU-142M विमानों की तैनाती एक और महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई। इन विमानों के जरिए नौसेना हिंद महासागर के दूरस्थ क्षेत्रों तक अपनी निगरानी का दायरा बढ़ाने में सफल रही।
नौसेना की तकनीकी ताकत को वर्ष 2013 में नई उड़ान मिली, जब अरक्कोनम स्थित INS राजाली में बोइंग P-8I विमानों को शामिल किया गया। आधुनिक तकनीक से लैस इन विमानों ने बड़े समुद्री क्षेत्रों की निगरानी, खुफिया सूचनाएं जुटाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, पनडुब्बियों की तलाश और समुद्री लक्ष्यों पर कार्रवाई करने की क्षमता को काफी उन्नत बनाया।
कई अहम सैन्य अभियानों में निभाई महत्वपूर्ण भूमिका
पिछले 50 वर्षों के दौरान नौसेना के लंबी दूरी के निगरानी विमानों ने कई महत्वपूर्ण सैन्य अभियानों में योगदान दिया है। इनमें ऑपरेशन कैक्टस, ऑपरेशन विजय, ऑपरेशन पराक्रम और ऑपरेशन सिंदूर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त समुद्री डकैती रोकने तथा समुद्र में लापता जहाजों और लोगों की तलाश एवं बचाव अभियानों में भी इन विमानों ने अहम सहायता प्रदान की है।
वर्तमान में भारतीय नौसेना के P-8I विमान हिंद महासागर और उससे आगे के समुद्री क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। INAS 312 के विमान तमिलनाडु के अरक्कोनम स्थित INS राजाली से संचालित होते हैं, जबकि INAS 316 के विमान गोवा के INS हंसा से अपनी गतिविधियां अंजाम देते हैं। इनके जरिए नौसेना समुद्री गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ देश के सामरिक और आर्थिक समुद्री हितों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
नौसेना के कर्मियों के योगदान को भी किया गया याद
इस स्वर्ण जयंती के अवसर पर नौसेना ने उन पायलटों, मिशन में तैनात कर्मचारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और सहयोगी कर्मियों के योगदान को भी सम्मान दिया है, जिन्होंने पांच दशकों तक इस निगरानी व्यवस्था को विकसित करने और प्रभावी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।लॉकहीड सुपर कॉन्स्टेलेशन से शुरू होकर आधुनिक P-8I विमानों तक पहुंचा भारतीय नौसेना का यह सफर केवल विमानों के बदलाव की कहानी नहीं है, बल्कि देश की समुद्री सुरक्षा व्यवस्था में हुए तकनीकी विकास और सामरिक विस्तार का भी प्रमाण है।