आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: ट्रक में पीछे से घुसी मिनी बस, 2 यात्रियों की मौत; 13 घायल

उत्तर प्रदेश के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा की ओर जा रही यात्रियों से भरी मिनी ट्रैवलर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

सुबह करीब चार बजे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना शनिवार सुबह करीब चार बजे आगरा के फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 37.100 के पास हुई। मिनी ट्रैवलर बस गुजरात के सूरत निवासी चालक धीरज पाटिल चला रहे थे। बस में 13 यात्री सवार थे और सभी अयोध्या से आगरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और चारों तरफ चीख-पुकार सुनाई देने लगी।

बस में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू कर निकाला

हादसे की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की राहत टीम और फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने पुलिसकर्मियों के साथ बचाव अभियान की कमान संभाली। टीम ने क्षतिग्रस्त बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। चिकित्सकों ने दो यात्रियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से जख्मी तीन लोगों समेत अन्य घायलों का उपचार जारी है।

हादसे में इन यात्रियों की गई जान

दुर्घटना में प्रदीप (करीब 53 वर्ष) और जनक बेन (करीब 58 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, घायलों में मनोहर, जनक, उमा बेन, पदम बेन, उर्वशी बेन, किट्टू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी, क्ररूठा, बरसा बेन, रेणुका बेन और हिना बेन समेत अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं।

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

हादसे के बाद पुलिस और संबंधित एजेंसियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की पड़ताल शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे की ओर टकराई थी। हालांकि, टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।Amar Ujala Hindi News Live

agra lucknow expresswaytragic accidentUP News