उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में भीषण आग ने एक गांव में भारी तबाही मचा दी। मोरी तहसील के दूरस्थ पवाणी गांव में लगी आग से 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस अग्निकांड की चपेट में आने से 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। वहीं, गांव का पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग से क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह है कि अब तक किसी व्यक्ति या पशु की मौत की खबर सामने नहीं आई है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को गांव के एक मकान में अचानक आग भड़क उठी। गांव में अधिकांश घर लकड़ी से बने होने के कारण आग ने तेजी से आसपास के भवनों को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि आग के दौरान एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से लपटें और ज्यादा भयावह हो गईं। देखते ही देखते आग ने कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई।आग की लपटें और धुएं का गुबार उठता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। हालांकि, लकड़ी से बने मकानों में आग तेजी से फैलने के कारण ग्रामीणों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस घटना में घरों के साथ उनमें रखा घरेलू सामान भी जलकर नष्ट हो गया।
33 मकान पूरी तरह तबाह, 13 घर सुरक्षित
प्रशासन की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, पवाणी गांव में अग्निकांड के कारण 33 मकान पूरी तरह जल गए हैं, जबकि 13 घर सुरक्षित बताए गए हैं। इस घटना से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। इसके अलावा गांव के पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
दुर्गम इलाके में पहुंचने के लिए राहत टीमों को करनी पड़ी मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य के लिए संबंधित विभागों को सक्रिय कर दिया। राजस्व विभाग, पुलिस, अग्निशमन सेवा और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। गांव की भौगोलिक स्थिति चुनौतीपूर्ण होने के कारण राहत दलों को मौके तक पहुंचने में समय लग रहा है। पवाणी गांव मोरी तहसील मुख्यालय से लगभग 55 से 60 किलोमीटर दूर स्थित है।
सीएम धामी ने प्रभावित परिवारों के लिए राहत के निर्देश दिए
उत्तरकाशी के पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से घटना और राहत कार्यों की जानकारी लेते हुए बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग को आपसी तालमेल के साथ काम करने तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है। साथ ही, पीड़ित परिवारों के लिए भोजन, अस्थायी आवास, चिकित्सा सुविधा और जरूरी राहत सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम धामी ने नुकसान का जल्द सर्वे कर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार आर्थिक सहायता और राहत राशि मुहैया कराने को भी कहा है। राज्य सरकार ने इस मुश्किल घड़ी में प्रभावित लोगों को हरसंभव मदद देने का भरोसा जताया है।