सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा और भारतीय युवा कांग्रेस के बीच विवाद तेज हो गया है। संगठन के प्रमुख नेताओं के इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतिबंध लगाए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने हैदराबाद, मुंबई और गुरुग्राम में मेटा के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन किया। हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन के दौरान परिसर में हंगामा और सामान तोड़ने की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष समेत करीब 21 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। युवा कांग्रेस ने मेटा को सात दिनों के भीतर प्रतिबंधित अकाउंट और पोस्ट बहाल करने की चेतावनी भी दी है।
इंस्टाग्राम अकाउंट बंद होने से नाराज थे कार्यकर्ता
युवा कांग्रेस का आरोप है कि 19 नवंबर को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के इंस्टाग्राम अकाउंट पर रोक लगा दी गई थी। पार्टी नेताओं ने इसे राजनीतिक दबाव में की गई कार्रवाई बताते हुए सोशल मीडिया पर विपक्षी आवाजों को दबाने का आरोप लगाया। इसी मुद्दे को लेकर 20 नवंबर को अलग-अलग शहरों में मेटा के कार्यालयों तक विरोध दर्ज कराने पहुंचे कार्यकर्ता।
हैदराबाद में प्रदर्शन के दौरान हंगामा, 21 कार्यकर्ता हिरासत में
हैदराबाद के रायदुर्गम स्थित स्काई व्यू परिसर में शुक्रवार दोपहर करीब 3 बजे लगभग 25 युवा कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे। हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर उन्होंने नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान परिसर में रखे फूलों के गमले और कुछ अन्य सामान क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और तेलंगाना युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जक्कीदी शिव चरण रेड्डी समेत करीब 21 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया। बाद में जरूरी जमानत मुचलके जमा करने पर सभी को रिहा कर दिया गया।
मुंबई और गुरुग्राम में भी विरोध प्रदर्शन
हैदराबाद के अलावा मुंबई और गुरुग्राम में भी युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मेटा के कार्यालयों के बाहर विरोध जताया। मुंबई में प्रदर्शनकारियों ने कंपनी पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए नारे लगाए और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के पोस्टर को जलाने की घटना भी सामने आई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने वाले नेताओं और अन्य लोगों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।
अकाउंट बहाल होने का दावा, मेटा को 7 दिन की मोहलत
युवा कांग्रेस ने दावा किया कि तीन शहरों में प्रदर्शन के बाद उसके राष्ट्रीय नेताओं के दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट करीब 15 मिनट के भीतर बहाल कर दिए गए। हालांकि, संगठन ने केवल इन अकाउंट्स की बहाली तक अपना विरोध सीमित नहीं रखा। उसने मेटा से विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स के खातों तथा पोस्ट पर लगी पाबंदियां हटाने की मांग करते हुए सात दिनों का अल्टीमेटम दिया है।
संगठन ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर वह कानूनी कार्रवाई के साथ देशभर में विरोध प्रदर्शन तेज करेगा और मेटा के कार्यालयों तक अपनी लड़ाई जारी रखेगा।