अगले 24 घंटे में दिल्ली-NCR में होगी हल्की बारिश, बढ़ेगी ठंड।

दिल्ली का मौसम मंगलवार से करवट ले लेगा। हल्की बारिश से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि इसके बाद ठंड में भी इजाफा होगा।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में सर्दी ने दस्तक दे दी है। दिन व रात के तापमान में गिरावट होने के कारण सर्दी का अहसास ज्यादा हो रहा है। अगले सप्ताह ठंड और बढ़ने का अनुमान है। दिल्ली का मौसम मंगलवार से करवट ले लेगा। हल्की बारिश से न सिर्फ प्रदूषण कम होगा बल्कि इसके बाद ठंड में भी इजाफा होगा। बूंदाबांदी का यह दौर बुधवार को भी बना रह सकता है। इस बीच रविवार को पिछले पांच सालों का अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। 11 नवंबर के दिन इतना तापमान 2013 से अब तक नहीं दर्ज किया गया था। रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। इस बदलाव की वजह प्रदूषण को बताया जा रहा है। न्यूनतम तापमान महज 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री कम है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी तापमान 30 और 12 डिग्री सेल्सियस बने रहने के आसार हैं। सुबह के समय भी स्मॉग देखने को मिलेगा। मंगलवार और बुधवार को बारिश की पूरी संभावना है। यह बारिश न केवल प्रदूषण कम करने बल्कि सर्दी बढ़ाने के लिए भी काफी अहम है। इसके बाद अगले दिनों में दो से तीन डिग्री तक पारे में और कमी आ जाएगी। बुधवार को तापमान में तीन से चार डिग्री तक की कमी आ सकती है। मौसम से इसे बड़ा बदलाव कहा जा सकता है। वहीं, मौसम विज्ञान विभाग के महानिदेशक डॉ. केजे रमेश का कहना है कि यह सही है कि इस साल सर्दी ने जल्द दस्तक दे दी है। वजह, जम्मू कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी का होना है। बर्फबारी के कारण दिल्ली की ओर आने वाली हवा में भी ठंडक आती है। पश्चिमी विक्षोभ की पहुंच भी इस साल सिर्फ पहाड़ों तक न रहकर मैदानी इलाकों तक है। इस कारण ठंड जल्द आ गई और ज्यादा महसूस हो रही है। यहां पर बता दें कि दिल्ली-एनसीअार में रात की सर्दी ने नया रिकॉर्ड बनाया है। पिछले दिनों दिवाली पर यानी 7-8 नवंबर की रात सीजन की सबसे ठंडी रात रही। साथ ही 8 नवंबर तक न्यूनतम तापमान सबसे नीचे (7 साल में) गिरने का भी रिकाॅर्ड बना।

Leave A Reply