अब ऑक्सफ़ोर्ड में पढ़ाई करेंगी मलाला, ट्वीट कर दी जानकारी

बर्मिंगम
पाकिस्तान में शिक्षा को लेकर काम करने वाली नोबेल प्राइज विजेता मलाला यूसुफजई को दुनिया की सबसे बड़ी यूनिवर्सिटी में से एक ऑक्सफर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने का मौका मिला है। मलाला ने खुद ट्विटर पर ऑक्सफर्ड में एडमिशन मिलने की खुशी जाहिर की। उन्होंने लिखा, ‘ऑक्सफर्ड जाने को लेकर बेहद उत्साहित हूं।’ मलाला वहां पर दर्शन, राजनीति और अर्थशास्त्र की पढ़ाई करेंगी।

 मलाला ने अपने स्कूल के नतीजों को तो नहीं दिखाया है, लेकिन इतना जरूर लिखा है कि सभी ए लेवल के छात्रों के लिए बहुत अच्छा और सबसे कठिन साल। आगे की जिंदगी के लिए शुभकामनाएं। मलाला युसूफजई तब महज 15 साल की थीं, जब तालिबान के एक बंदूकधारी ने उनके सिर में गोली मार दी थी। उस वक्त मलाला अपने स्कूल की परीक्षा देकर गांव वापस जा रही थीं। मलाला ने पाकिस्तान की लड़कियों को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने की कोशिश की थी।

इस हमले के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए बर्मिंघम ले जाया गया और तब से वह अपने पूरे परिवार के साथ बर्मिंघम में ही रह रही हैं। यहीं से उनकी पढ़ाई और लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने का अभियान चल रहा है। मलाला युसूफजई को 2014 में भारत के कैलाश सत्यार्थी के साथ संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार दिया गया था। उस वक्त मलाला की उम्र महज 17 साल थी और वो नोबेल शांति पुरस्कार पाने वालों की सूची में सबसे कम उम्र की विजेता हैं।

Leave A Reply