अमेरिका ने पाकिस्तान के 66 मिलिट्री ऑफिसरों की ट्रेनिंग पर लगाई रोक

ट्रेनिंग और एजुकेशन प्रोग्राम बंद करने के फैसले पर अमेरिका के रक्षा विभाग या पाकिस्तान की आर्मी की तरफ से कोई कमेंट नहीं किया गया है।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ): अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने पाकिस्तानी मिलिट्री अधिकारियों को ट्रेनिंग और एजुकेशन प्रोग्राम में शामिल होने से रोक दिया है। पूर्व निर्धारित प्रोग्राम के तहत 66 पाकिस्तानी मिलिट्री के अधिकारियों की ट्रेनिंग इस साल तय की गई थी। इसके साथ ही मिलिट्री ट्रेनिंग प्रोग्राम के लिए दिए जाने वाले फंड को भी सस्पेंड कर दिया है। इससे पहले अमेरिका ने पाकिस्तान को आतंकवाद से लड़ने के नाम पर दिए जाने वाले फंड को भी रोक दिया था। ट्रेनिंग और एजुकेशन प्रोग्राम बंद करने के फैसले पर अमेरिका के रक्षा विभाग या पाकिस्तान की आर्मी की तरफ से कोई कमेंट नहीं किया गया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों देशों के रक्षा विभाग से जुड़े अधिकारियों ने निजी तौर पर इस फैसले की आलोचना की है। इस फैसले के बाद पाकिस्तान चीन और रूस से अधिक मदद हासिल कर सकता है। अफगानिस्तान और पाकिस्तान में अमेरिका के खास प्रतिनिधि रहे डैन फेडमैन ने ट्रंप प्रशासन के इस फैसले को बेहद छोटी सोच वाला करार दिया है। जानकारों के मुताबिक, द्विपक्षीय संबंधों में लंबे वक्त के लिए इस फैसले से मुश्किल आ सकती है। इससे पहले इसी साल ट्रंप ने एक ट्वीट में पाकिस्तान पर आरोप लगाया था कि वह आतंकवादियों के लिए सुरक्षित जगह बना हुआ है। ट्रंप ने यह भी कहा था कि बीते 15 सालों में अमेरिका ने मूर्खतापूर्वक लाखों डॉलर रुपये पाकिस्तान को मदद के नाम पर दिए।

Leave A Reply