आम आदमी पार्टी विवाद: मारपीट के आरोप में पहले भी हुई हैं बदनामी।
दिल्ली: मुख्य सचिव ने आरोप लगाया है कि सीएम केजरीवाल के घर हुई बैठक के दौरान आप विधायकों ने उनके साथ मारपीट और बदतमीजी की।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) दिल्ली के मुख्य सचिव अंशु प्रकाश ने आरोप लगाया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर हुई एक बैठक के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की और बदतमीजी की। इस मामले में आप विधायकों का आरोप है कि मुख्य सचिव ने बैठक के दौरान उनसे जातिसूचक शब्द कहे। मुख्य सचिव ने उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात कर आप के दो विधायकों अजय दत्त और प्रकाश झारवाल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। यह पहली बार नहीं है जब आम आदमी पार्टी के विधायकों पर मारपीट के आरोप लगे हैं। इससे पहले भी इस तरह के मामलों में आप विधायकों के नाम सामने आते रहे हैं। इस साल जनवरी में सीलिंग मुद्दे पर बैठक के लिए मुख्यमंत्री के घर पहुंचे बीजेपी नेताओं ने आप विधायकों पर मारपीट का आरोप लगाया था। बीजेपी के प्रदेश महासचिव रविंद्र गुप्ता ने सिविल लाइंस थाने में लिखित शिकायत देकर आप विधायकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पिछले साल जून में दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान विधायकों में मारपीट हुई थी। इस सत्र में आप सरकार में मंत्री सत्येंद्र जैन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया था। मारपीट में आप विधायक अमानतुल्ला भी शामिल थे। माहौल इतना बिगड़ गया था कि पुलिस और एंबुलेंस दोनों को बुलाना पड़ा था। इस घटना से करीब एक महीने पहले 31 मई को दिल्ली विधानसभा में आप से निलंबित किए गए विधायक और पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा की पार्टी के अन्य विधायकों से जमकर मारपीट हुई थी। पूर्व आप विधायक अल्का लांबा पर रेसिडेंशियल वेलफेयर असोसिएशन के एक सदस्य ने मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन पर कश्मीरी गेट स्थित मिठाई की दुकान पर मारपीट का आरोप है। बता दें कि ऑफिस ऑफ प्रॉफिट मामले में लांबा को विधायक पद के लिए अयोग्य घोषित किया गया है। आम आदमी पार्टी के विधायक सोमनाथ भारती पर उनकी पत्नी लिपिका मित्रा ने घरेलु हिंसा का आरोप लगाया था। इतना ही नहीं केजरीवाल की पहली 49 दिनों की सरकार में मंत्री रहे भारती पर एम्स कैम्पस में भी गुंडागर्दी का आरोप लग चुका है। पिछले साल जुलाई में भारती, अमानतुल्ला खान और जनरैल सिंह के खिलाफ महिला से दुर्व्यवहार का मामला दर्ज किया गया था। अमानतुल्ला खान के खिलाफ भी मारपीट के कई मामले दर्ज हैं।