नई दिल्ली: पूरा देश आज आजादी की 70वीं सालगिरह मना रहा है. स्वतंत्रता दिवस के इस खास मौके पर देश भर में आजादी का जश्न मनाया जा रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार लाल किले की प्राचीर से तिरंगा लहराया और देश को संबोधित करते हुए सरकार की उपलब्धियों का जिक्र किया. भाषण के दौरान पीएम मोदी द्वारा सरकार की जिन उपलब्धियों का जिक्र किया गया है इसे लेकर जहां कई लोगों ने सवाल खड़े किए हैं तो कई लोगों ने सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कई सुझाव भी दिए हैं.
जानें पीएम मोदी के भाषण पर क्या रहा आम जनता का रिएक्शन?
एबीपी न्यूज़ के खास कार्यक्रम ”हिंदोस्तां हमारा” में पीएम के भाषण की समीक्षा करते हुए मुस्लिम स्कॉलर फिरोज बख्त ने कहा, ‘पीएम ने अपने इस भाषण में पाकिस्तान के ताल्लुक की बात की, पेशावर के बच्चों पर बात की दूसरी तरफ उन्होंने पीओके और बलूचिस्तान पर बात की वो काफी महत्वपूर्ण है.’
तो वहीं स्वर्णकार समिति के अध्यक्ष अयज वर्मा ने पीएम मोदी के भाषण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘रुपया रसातल में क्यों जा रहा है? युवाओं की छात्रवृत्ति घटाई जा रही है और वो कह रहे हैं कि विकास हो रहा है.’ केवल इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि ‘सोनार आत्महत्याएं कर रहे हैं. विदेश व्यवस्था, अर्थव्यवस्था और महंगाई बढ़ रही है. इसके लिए कौन जिम्मेदार है?’
कश्मीर की समस्या का कोई जिक्र नहीं
पीएम मोदी के भाषण पर प्रोफेसर आशुतोष ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम ने अपने भाषण में बलूचिस्तान का नाम तो लिया लेकिन उन्होंने कश्मीर की समस्या का कोई जिक्र नहीं किया.
इसके साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि पीएम मोदी ने अपने इस पूरे भाषण में ना ही दलितों पर होने वाले अत्याचार और ना ही उनकी समस्याओं का जिक्र किया जो इस समय काफी महत्वपूर्ण मुद्दा है.
तो वहीं कार्यक्रम में मौजूद मुनिरका डीडीए फ्लैट्स के RWA मेंबर के सी गहलोई ने इनकम टैक्स रिफंड को लेकर पीएम मोदी के बात की सराहना की.
इनकम टैक्स रिफंड और रियल स्टेट बिल की बात
पीएम मोदी के इस भाषण पर आम जनता के पैनल में मौजूद शालिनी ने कहा कि पीएम ने इनकम टैक्स रिफंड की बात कही जो आम आदमी के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण है. तो वहीं उन्होंने रियल स्टेट बिल और पासपोर्ट की बात कही जो आज कल आम जनता की लाइफ का हिस्सा बन गए हैं. ये बातें मुझे काफी पसंद आईं.
एनवॉयरमेंट लॉयर गौरव बंसल ने कहा, ‘किसानों को जो पानी की समस्याएं हैं आज से पहले उनपर ध्यान नहीं दिया जा रहा था. पीएम मोदी ने इसपर ध्यान दिया, ये काफी खुशी की बात है.’
कथनी और करनी में नहीं है अधिक अंतर
फूड काउंसिल ऑफ इंडिया के संजीव कौशिक ने कहा, ‘उनके कार्यशैली में जो बदलाव है वो पिछली सरकार की तुलना में काफी बेहतर है.’ उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की कथनी और करनी में ज्यादे अंतर नहीं है. वो चीजों को करना चाहते हैं लेकिन समय के साथ.
तो वहीं पीएम मोदी के इस भाषण को लेकर प्रोफेसर जुनैद ने कहा कि पीएम ने सच्चर कमेटी की रिपोर्ट का जिक्र भी नहीं किया. अपने भाषण में उन्होंने इस्लाम की नीति और मुसलमान का जिक्र भी नहीं किया. प्रोफेसर जुनैद ने कहा, ‘हमारे 19 फौजी कई दिनों से लापता हैं, पीएम ने अपने भाषण में उनका भी जिक्र नहीं किया.’
इस दौरान पीएम मोदी के भाषण को लेकर सॉफ्टवेयर इंजीनियर विकास पांडेय ने कहा, ‘पहले भी कई चीजें हुआ करती थी. उन्होंने पिछली सरकार और वर्तमान सरकार, दोनों सरकार में अंतर बताया वो काफी इंपॉर्टेंट रहा.’

पीएम ने नहीं की नशे पर बात
पीएम मोदी के भाषण को लेकर डॉ राजेश कुमार ने कहा, ‘पीएम ने अपने भाषण में नशे पर बात नहीं की जो आज की बहुत बड़ी समस्या है और इसपर बात करना काफी जरुरी है.’
तो वहीं एक अन्य शख्स ने पीएम की इस भाषण पर अपनी प्रतिक्रियाएं देते हुए कहा कि मोदी सरकार को अभी और टाइम दीजिए. वो अपने वादों पर जरुर खरे उतरेंगे.

