ईरान: राष्ट्रपति हसन रूहानी बोले, भारत के साथ प्राकृतिक संसाधनों को साझा करने को तैयार
"इस्लाम के शत्रुओं" के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) हैदराबाद: तीन दिन के दौरे पर भारत आए ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने कहा है कि तेहरान भारत के साथ तेल और प्राकृतिक संसाधनों को साझा करने के लिए तैयार है। इसी के साथ उन्होंने दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और कूटनीतिक रिश्ते मजबूत करने के लिए आसान वीजा मानदंडों पर जोर दिया। शुक्रवार को हैदराबाद में मक्का मस्जिद में जुमे की नमाज के बाद लोगों को संबोधित करते हुए रूहानी ने कहा, ‘भारत में ईरान का चाबहार बंदरगाह का उद्घाटन अफगानिस्तान, मध्य एशिया और यूरोप के लिए एक प्रवेश द्वार प्रदान करेगा। ईरान तेल और प्राकृतिक गैस संसाधनों से भरपूर देश है। इसलिए वह भारत के विकास और प्रगति के लिए अपने प्राकृतिक संसाधनों को साझा करने के लिए तैयार है।’ इससे पहले गुरुवार को हैदराबाद पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति हसन रूहानी ने मुस्लिमों को सांप्रदायिक मतभेदों से ऊपर उठकर “इस्लाम के शत्रुओं” के खिलाफ एकजुट रहने का संदेश दिया था। हैदराबाद में विभिन्न वर्गों के धार्मिक विद्वानों, शिक्षाविदों व दूसरे विशिष्ट लोगों की एक बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने अविकसित देशों में प्राकृतिक और मानव संसाधनों के दोहन के लिए पश्चिमी देशों पर प्रहार किया। इस दौरान उन्होंने फारसी भाषा में संबोधन किया और उन्हें सुनने के लिए पांच हजार लोग शामिल हुए थे।