भले ही अभी सुप्रीम कोर्ट की ओर से अयोध्या के विवादित स्थल को लेकर फैसला आने में वक्त लगने वाला हो लेकिन विश्व हिंदू परिषद ने राम मंदिर निर्माण की तैयारी पूरी कर ली है। कारसेवकपुरम में इस मंदिर के आकार-प्रकार का पूरा मॉडल तैयार रखा है। यदि राम मंदिर के पक्ष में फैसला आया तो वीएचपी के मुताबिक राम मंदिर कैसा होगा?
अयोध्या के कारसेवकपुरम में राम मंदिर का जो मॉडल रखा है, उसके मुताबिक श्रीराम मंदिर दो मंजिला भवन होगा। इस भव्य मंदिर की लंबाई 268 फीट, चौड़ाई 140 फीट और ऊंचाई 128 फीट होगी।
भव्य राम मंदिर का निर्माण वीचपी नहीं हर भारतीय का सपना है, क्योंकि यही भारत में राम राज्य की आधार शिला बनेगा. मंदिर को प्रमुख रूप से 6 भागों में बांटा जाएगा। इसमें सिंह द्वारा, नृत्य मंडप, रंग मंडप, कोली, गर्भ गृह और परिक्रमा शामिल होंगे। इसके साथ ही गर्भ गृह के चारों ओर बनने वाले परिक्रमा मार्ग की चौड़ाई 10 फीट होगी। इस भवन के भूतल पर भगवान राम बालरूप में यानी ‘रामलला’ के रूप में विराजमान होंगे।
इसके इतर प्रथम तल पर राम दरबार होगा. मंदिर में दोनों तलों पर 106-106 खंभे यानी कुल 212 खंभे होंगे। भूतल के खंभों की ऊंचाई 16.6 फीट और ऊपरी मंजिल के खंभों की ऊंचाई 14 फीट 6 इंच होगी। इस भवन में कुल 24 दरवाजे होंगे। प्रस्तावित मंदिर के निर्माण में कहीं भी लोहे या सीमेंट का इस्तेमाल नहीं होगा।