कनाडा के सांसद के कारण खालिस्तानी आतंकी को पीएम ट्रूडो के डिनर में न्योता मिला, सांसद ने मांगी माफी
कनाडा के ही एक सांसद रणदीप एस. सराय ने ट्रूडो के डिनर में खालिस्तान समर्थक आतंकी जसपाल अटवाल को आमंत्रित किया था। उन्होंने यह बात स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) : कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के लिए आयोजित डिनर में एक खालिस्तान समर्थक आतंकी को आमंत्रित किए जाने को लेकर पैदा हुए विवाद पर नई जानकारी सामने आई है। दरअसल, कनाडा के ही एक सांसद रणदीप एस. सराय ने ट्रूडो के डिनर में खालिस्तान समर्थक आतंकी जसपाल अटवाल को आमंत्रित किया था। उन्होंने यह बात स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है।
गौरतलब है कि इस खालिस्तानी आतंकवादी से ट्रूडो की पत्नी की मुलाकात की तस्वीर सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। इस बीच, कनाडा के पीएम ने कहा है कि उन्होंने इसे गंभीरता से लिया है। जस्टिन ट्रूडो ने कहा, ‘उसे (अटवाल) आमंत्रित नहीं किया जाना चाहिए था। जैसे ही हमें यह सूचना मिली, हमने इसे कैंसल कर दिया।’पीएम ट्रूडो ने भी कहा कि उनके एक सांसद ने इस व्यक्ति को आमंत्रित किया था। वहीं, गुरुवार को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि जसपाल अटवाल को वीजा कैसे मिला, इसकी विस्तृत जानकारी अपने मिशन से ली जा रही है। गौरतलब है कि नई दिल्ली स्थित कनाडा के उच्चायोग में यह डिनर गुरुवार को रखा गया है।