केरल बाढ़: कोच्चि एयरपोर्ट की सेवाएं आज से फिर होगी शुरू

निजी एयरलाइंस जेट एयरवेज और इंडिगो ने मंगलवार को कहा कि बाढ़ के कारण 14 अगस्त से बंद पड़े हवाई अड्डे की सेवाएं को 29 अगस्त से दोबारा शुरू करेंगे

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ)  : केरल में भीषण बाढ़ के बाद अब हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगे हैं। भयंकर बाढ़ के कारण लंबे समय से बंद पड़े कोच्चि एयरपोर्ट की सेवाएं भी आज से बहाल कर दी जाएंगी। इस बीच निजी एयरलाइंस जेट एयरवेज और इंडिगो ने मंगलवार को कहा कि बाढ़ के कारण 14 अगस्त से बंद पड़े हवाई अड्डे की सेवाएं को 29 अगस्त से दोबारा शुरू करेंगे। दरअसल, बारिश और बाढ़ के कारण एयरपोर्ट परिसर में पानी भर गया था, जिस कारण 14 अगस्त को इसे बंद कर दिया गया था। हालांकि अब परिसर से पानी साफ हो गया है और फुल स्केल ऑपरेशन के बाद आज (29 अगस्त) दोपहर 2 बजे से एयरपोर्ट फिर से खुल जाएगा और विमानों की उड़ानें एक बार फिर से शुरू हो जाएंगी।बता दें कि कोच्चि एयरपोर्ट देश के सात सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल है। आठ अगस्त से 22 अगस्त के बीच राज्य में आई भयंकर बाढ़ के कोच्चि एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया था। हालांकि यहां का काम कोच्चि के नौसेना हवाई अड्डे से चल रहा था।हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पहली बार 18 अगस्त तक एयरपोर्ट को बंद करने की घोषणा की थी। जिसे बाद में बढ़ाकर 26 अगस्त किया गया, लेकिन हालात को देखकर यह तारीख 29 अगस्त कर दी गई। दरअसल, भारी बारिश के बाद आई बाढ़ के कारण रन-वे से लेकर टर्मिनस व पूरा एयरपोर्ट परिसर पानी से लबालब हो गया था। इस हालात को देखते हुए डीजीसीए ने एयरलाइंस को कोच्चि एयरपोर्ट की सभी उड़ानों को अन्य हवाई अड्डों पर डायवर्ड करने पर मजूबर करना पड़ा। इस कारण तिरुवनन्तपुरम और कोझिकोड या फिर तमिलनाडु के कोयंबतूर और कर्नाटक के मैंगलुरु में कोच्चि एयरपोर्ट के फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया था।जेट एयरवेज ने एक बयान में कहा, ‘जेट एयरवेज 29 अगस्त से कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट (सीआइएल) से अपना निर्धारित संचालन शुरू कर देगा। एयरलाइन की कोच्चि की पहली उड़ान (मुंबई से 9 डब्ल्यू 0403) 15:50 बजे पहुंचेगी।’ जेट एयरवेज ने यह भी कहा कि राज्य में बाढ़ प्रभावित लोगों के समर्थन में राहत-बचाव कार्य जारी रहेगा। वाहक से 17 टन राहत सामग्री मुक्त में एयरलिफ्ट करेंगे। एयरलाइन ने यात्रियों को कंफर्म टिकट और हवाई अड्डे में आने और बाहर जाने वाले सभी यात्रियों की छूट को भी बढ़ा दिया है। यात्री अपने निर्धारित ट्रेवल डेट को 15 सितंबर तक बदल सकते हैं।इंडिगो एयरलाइन ने एक ट्वीट में कहा कि वह कोच्चि हवाई अड्डे से 2 बजे से अपनी सेवाएं फिर से शुरू करेगी। मंगलवार को सीआइएल ने कहा था कि हवाई अड्डा 29 अगस्त को 2 बजे पूर्णकालिक संचालन (अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों) शुरू करेगा। अनुमान है कि इस बीच सीआइएल को कम से कम 220 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है।

Leave A Reply