कैलिफोर्निया में लगी अमेरिकी इतिहास की अब तक की सबसे भीषण आग, 44 की हुई मौत
आग से बच निकलने की कोशिश करते लोग कारों और घरों में ही जलकर खाक हो गए।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : कैलिफोर्निया के जंगलों में लगी आग को अमेरिकी इतिहास की सबसे भीषण आग करार दिया गया है। अाग से अब तक 44 लोगों की मौत हो चुकी है। आग से बच निकलने की कोशिश करते लोग कारों और घरों में ही जलकर खाक हो गए। जांचकर्ताओं को बाद में भी सिर्फ हड्डियों का चूरा मिला। 228 लोग लापता बताए जा रहे हैं। 27 हजार की आबादी वाला एक कस्बा जलकर खाक हो गया। मृतकों की पहचान के लिए मोबाइल डीएनए लैब और फोरेंसिक एंथ्रोपोलॉजिस्ट की मदद ली जा रही है।विशेषज्ञों ने बताया कि जंगल में आग हर साल लगती है। पर इतनी विकराल होने की सबसे बड़ी वजह इस सीजन में बारिश न होना है। इससे जमीन और हवा की नमी सूख गई। ऊपर से गर्म हवाओं ने सूखी घास और सूखे पेड़ों के सहारे इस आग को तेजी से फैलाने में घी का काम किया। आग के कारण इतनी गर्मी हो रही है कि इसकी जद में आ रहे वाहन अौर लोहे तक पिघल रहे हैं।तेजी से फैल रही आग के चलते अब तक 3 लाख लोगों को अपना घर छोड़कर दूसरे शहरों में जाना पड़ा है। आग के दायरे में रह रहे 1.4 लाख लोग अब भी घर छोड़ने की कतार में है। लॉस एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट के चीफ के मुताबिक, अगले तीन दिन तक आग बुझाना मुश्किल होगा। कैलिफोर्निया फायर विभाग के मुताबिक, आग कैंप, पैराडाइज, वूलसे से लेकर लॉस एंजिल्स तक 1400 वर्ग किमी से ज्यादा के दायरे में लगी हुई है। इसकी जद में 57 हजार इमारतें, ब्रिज आ चुके हैं।