चेन्नई के रहने वाले दंपति को मुजफ्फरनगर में मारी गोली

यूपी में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. आए दिन रेप, लूट और हत्या की वारदात में तेजी से इजाफा हो रहा है. ताजा मामला मुजफ्फरनगर का है. हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे बाइक सवार दंपति को बदमाशों ने गोली मार दी. पति को कई गोलियां लगी हैं. दंपति की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.

जानकारी के मुताबिक, चेन्नई के रहने वाले एक दंपति आदित्य कुमार और विजयलक्ष्मी बुलेट बाइक से हरिद्वार से दिल्ली लौट रहे थे. रास्ते में मुजफ्फनगर के नई मंडी थाना इलाके में एनएच-58 पर शनिवार की शाम 4 बजे बदमाशों ने फायरिंग कर दी. गोली आदित्य के गले को चीरते हुए निकल गई. इस हमले में विजयलक्ष्मी बाल-बाल बच गई.

पुलिस ने बताया कि इस वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. राहगीरों ने दंपति को अस्पताल पहुंचाते हुए सूचना दी. इसके बाद टीम ने जाकर घटनास्थल को मुआयना किया. आदित्य की हालत गंभीर है. उसे इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है. महिला की हालत फिलहाल ठीक है. इस मामले की जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है.
Leave A Reply