दिल्ली के अशोक विहार में स्थित एक मशहूर लेडी पार्लर के कर्मचारी पर लड़की से छेड़छाड़ का आरोप लगा है. इसकी शिकायत जब पार्लर की मालकिन से की गई, तो उसने पीड़िता और उसके परिजनों से मारपीट कर दी. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी और पार्लर मालकिन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली के नामचीन लेडीज पार्लर में शुमार आशमीन मुंजाल के अशोक विहार ब्रांच में एक लड़की स्पा कराने आई थी. उस वक्त जावेद नामक एक कर्मचारी ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी. लड़की ने इसकी शिकायत आशमीन मुंजाल से की, तो उसकी मदद की बजाए, पार्लरवालों ने पीड़िता और उसकी बहन से ही मारपीट करनी शुरू कर दी.
इसके बाद पीड़िता के घरवाले भी आ गए. सभी लोगों ने कई घंटे तक पार्लर में हंगामा किया. इस हंगामे की खबर लगते ही इलाके के लोग बड़ी संख्या में रात भर थाने पर जमे रहे. मौके पर स्थानीय विधायक और आरडब्लूए के लोग भी पहुंच गए. लोगों का भारी देखकर पुलिस ने पड़िता का मेडिकल जांच कराने के बाद केस दर्ज कर लिया. इसकी जांच शुरू कर दी.