दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से अजय माकन के इस्तीफे की अफवाह सोशल मीडिया पर उड़ी।
अफवाह के मद्देनजर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको सामने आए। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा कि अजय माकन ने इस्तीफा नहीं दिया है। वह स्वास्थ्य कारणों से विदेश गए हैं, जल्द ही वापस आ जाएंगे।
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (DPCC) के अध्यक्ष अजय माकन के इस्तीफे को लेकर मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर अफवाड़ उड़ी तो कांग्रेस पार्टी नेताओं के साथ मीडियाकर्मी भी चौंक पड़े। दरअसल, मंगलवार को सोशल मीडिया में अचानक यह खबर तैरने लगी कि लंबे समय से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाल रहे वरिष्ठ नेता अजय माकन ने इस्तीफा दे दिया है। अपने इस्तीफे के पीछे अजय माकन ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजा है, अभी इस्तीफा मंजूर नहीं हुआ है। हालांकि, इस्तीफे की खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई, लेकिन इस खबर पुष्टि या खंडन करने के लिए कांग्रेस का कोई नेता आगे नहीं आया। इस बीच अफवाह के मद्देनजर दिल्ली कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको सामने आए। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा कि अजय माकन ने इस्तीफा नहीं दिया है। वह स्वास्थ्य कारणों से विदेश गए हैं, जल्द ही वापस आ जाएंगे। वहीं, सूत्रों के मुताबिक दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में सबकुछ ठीक नहीं है। अजय माकन के इस इस्तीफे की अफवाह को आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अजय माकन इस संभावित गठबंधन का विरोध कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अजय माकन के इस्तीफे के साथ ही आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच चुनावी गठबंधन की संभावना बन सकती है। हालांकि, पीसी चाको के बयान इस बात का खंडन कर रहे हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि कुछ समय बाद अजय माकन का इस्तीफा वास्तव में भी हो सकता है, अफवाह यूं ही नहीं उड़ती। वहीं, अफवाह ही सही, लेकिन इस्तीफे की पार्टी की ओर से पुष्टि नहीं होने के बावजूद अजय माकन के ट्वीटर हैंडल पर लोगों ने प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। विजय कुमार नाम के शख्स ने माकन के ट्वीटर हैंडल पर प्रतिक्रिया दी है- ‘दिल्ली में एक विकेट गिरा। अजय माकन ने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है।… 2019 लोकसभा चुनाव तक और भी विकेट गिरेंगे।’ वहीं, वीरेंद्र ने तंज कसते हुए ट्वीट किया है- ‘राहुल गांधी जी अजय माकन का इस्तीफा मंजूर कर लें, जिससे जल्द से जल्द दिल्ली प्रदेश कांग्रेस में सुधार आए।’ उधर, कुछ लोगों ने सोशल मीडिया में अजय माकन से सहानुभूति भी जताई है। संस्कृति केजरीवाल ने अपने ट्वीट में लिखा है-‘अजय माकन जी दिल्ली में आपके योगदान को हमेश याद रखा जाएगा। आप जल्द ठीक हो…इलाज के लिए आपको शुभकामनाएं।’