नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी ने भी मोदी शुभकामनाएं दी. इस दौरान अनिल अंबानी ने मोदी के बारे में एक खुलासा किया.
टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, पीएम मोदी के जन्मदिवस के मौके पर अनिल अंबानी ने अपने पिता धीरूभाई अंबानी को याद करते हुए कहा, ‘’मेरे पिता ने 90 के दशक में नरेंद्र मोदी को लेकर एक भविष्यवाणी की थी, जो सही साबित हुई.
अनिल ने कहा कि उनके पिता ने नरेंद्र मोदी को 2001 में मुख्यमंत्री बनने से कई साल पहले घर पर बुलाया था. इस मुलाकात के बाद रिलायंस के संस्थापक धीरूभाई ने कहा था एक दिन ये देश का प्रधानमंत्री बनेगा.
अनिल ने बताया कि उस समय पापा धीरूभाई ने मोदी को लेकर कहा था, ‘लंबी रेस न घोड़ो छे. लीडर चे’ यानी ‘मोदी लंबी रेस का घोड़ा है एक असली नेता हैं’.
अनिल ने कहा, ‘’मेरे पिता हमेशा की तरह सिंपल, डायरेक्ट और भविष्य का अनुमान लगा लेने वाले थे. मोदी के प्रधानमंत्री चुने जाने को देश के इतिहास की महत्वपूर्ण घटना बताते हुए अनिल अंबानी ने लिखा, ”अपनी बात के सच साबित होने पर पापा (धीरुभाई अंबानी) स्वर्ग में मुस्कुरा रहे होंगे.”
अनिल ने कहा कि मेरे पिता के शब्दों में नरेंद्र भाई जागती हुई आंखों से सपने देखते हैं और अपने काम को लेकर उनमें अर्जुन जैसी स्पष्टता है.
