राउरकेला: सुंदरगढ़ जिले के नु्आगांव में संबलपुर आबकारी विभाग के खुफिया दस्ते ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद की गई है। ओडिशा समेत झारखंड में बनी विदेशी शराब लाकर यहां अवैध कारोबार चलाया जा रहा था। इस छापेमारी में इस कारोबार से जुड़े आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान किया गया है।
संबलपुर आबकारी विभाग के खुफिया दस्ते को सुंदरगढ़ जिले के नुआगांव में विनोद साहु नामक व्यक्ति द्वारा घर के पास स्थित दुकान में ओडिशा तथा झारखंड में बनी शराब लाकर अवैध कारोबार चलाने की सूचना मिली थी। जिससे इस दस्ते के प्रभारी अजित कुमार महापात्र की देखरेख में बुधवार की सुबह आबकारी विभाग की टीम ने वहां छापेमारी की थी। इस छापेमारी में झारखंड से लाई गई विस्की की 30 पेटियां, ओडिशा की आठ पेटी बीयर, तीन पेटी कैन बीयर, मैकडोनल ब्रांड की आठ फुल बोतलों की खेप बरामद की गई। यहां से इतनी बड़ी मात्रा में अवैध शराब की खेप बरामद होने के बाद आबकारी विभाग की टीम ने आरोपी विनोद साहु को गिरफ्तार कर कोर्ट चालान किया। इस छापेमारी में आबकारी विभाग के दिगंबर दास, आलोक प्रधान व अन्य कर्मचारी शामिल थे।