पूर्व RBI गवर्नर राजन हो सकते हैं AAP के राज्‍यसभा उम्‍मीदवार?

नई दिल्‍ली: अगले साल जनवरी में दिल्‍ली की तीन राज्‍यसभा सीटों पर होने जा रहे राज्‍यसभा चुनावों में सत्‍तारूढ़ आप पार्टी के बाहर के लोगों को अपना उम्‍मीदवार बना सकती है. सूत्रों के मुताबिक आम आदमी पार्टी (आप) इस कड़ी में भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघुराम राजन को अपना प्रत्‍याशी बना सकती है. दरअसल दिल्‍ली राज्‍य की 70 में से 66 सीटों पर आम आदमी पार्टी का कब्‍जा है. ऐसे में इन तीनों सीटों पर आप की जीत तय मानी जा रही है.

पार्टी सूत्रों के मुताबिक आप नेता अरविंद केजरीवाल इन सीटों के लिए पार्टी से बाहर प्रोफेशनलंस की तलाश कर रहे हैं. सूत्र यह भी कह रहे हैं कि इस कड़ी में रघुराम राजन से संपर्क साधा गया है और वह आप के ऑफर पर विचार कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी के वरिष्‍ठ नेता ने कहा है कि पार्टी से बाहर के लोगों को प्रत्‍याशी बनाए जाने का फैसला ले लिया गया है. उन्‍होंने कहा कि यह तय किया गया है कि समाज में महत्‍वपूर्ण योगदान देने वाले प्रमुख हस्तियों को उम्‍मीदवार बनाया जाए.

रघुराम राजन इस वक्‍त अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं और तीन साल तक आरबीआई के गवर्नर रहे हैं. कहा जाता है कि वह दूसरे कार्यकाल के लिए भी इच्‍छुक थे लेकिन एनडीए सरकार की तरफ से उनको ऐसा कोई ऑफर नहीं दिया गया.

इसके साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि यदि ऐसा होता है तो पहले से ही आंतरिक कलह से जूझ रही आम आदमी पार्टी में घमासान बढ़ सकती है. ऐसा इसलिए क्‍योंकि पिछले दिनों पार्टी विधायक अमानतुल्‍लाह खान के निलंबन की वापसी के बाद इसका विरोध करते हुए वरिष्‍ठ नेता कुमार विश्‍वास ने कहा था कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है ताकि उनके राज्‍यसभा जाने के रास्‍ते में रोड़ा अटकाया जा सके. राज्‍यसभा जाने के संदर्भ में उन्‍होंने पिछले दिनों कहा भी कहा था, ”मनुष्‍य होने के नाते मेरी भी इच्‍छाएं हैं.”

उल्‍लेखनीय है कि जून में अमानतुल्‍लाह खान ने कुमार विश्‍वास को ‘आरएसएस एजेंट’ कह दिया था, उसके बाद कुमार विश्‍वास के विरोध के चलते खान को निलंबित कर दिया था और कुछ दिन पहले ही उनका निलंबन वापस लिया गया है.

Leave A Reply