बारिश से बचने के लिए ब्रिज पर जमा थी भीड़, अफवाह से भगदड़ मची: रेलवे

मुंबई. परेल इलाके में एलफिन्स्टन रेलवे स्टेशन पर बने फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) पर शुक्रवार सुबह भगदड़ मचने से 22 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 8 महिलाएं हैं। 39 लोग जख्मी हुए हैं, इनमें 9 महिलाएं भी शामिल हैं। वेस्टर्न रेलवे के मुताबिक, लोग बारिश से बचने के लिए एफओबी पर जमा हो गए और अफवाह की वजह से भगदड़ मच गई। नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने हादसे पर दुख जताया है। रेल मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र सरकार के मंत्री विनोद तावड़े केईएम हॉस्पिटल पहुंचे। रेल मंत्री ने हादसे की हाईलेवल इन्क्वॉयरी के आदेश दे दिए हैं। महाराष्ट्र सरकार ने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख मुआवजे का एलान किया है। घायलों के इलाज का खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी।
 रेलवे ने हादसे के पीछे क्या वजह बताई?
– वेस्टर्न रेलवे ने कहा, “लोग बारिश के लिए तैयार नहीं थे। अचानक आई बारिश से बचने के लिए लोग एफओबी और उसकी सीढ़ियों पर जमा हो गए। इससे बाहर निकलने की जगह पर जरूरत से ज्यादा भीड़ जमा हो गई। पहली नजर में सामने आया है कि ब्रिज ढहने की अफवाह के चलते लोगों में घबराहट फैली और सब बाहर निकलने के लिए धक्का-मुक्की करने लगे। एफओबी को ऐसा कोई गड़बड़ी नहीं थी, जिसे भगदड़ की वजह माना जाए।”
 कहां हुआ हादसा?
– परेल इलाके में स्थित एलफिन्स्टन रेलवे फुट ओवर ब्रिज पर।
 कब हुआ हादसा?
– शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे हुआ।
Q. क्यों हुआ हादसा?
– ब्रिज पर काफी भीड़ थी। ब्रिज पर लगा एक टीन शेड गिरने की अफवाह की वजह से भगदड़ मच गई। पुलिस के मुताबिक, तेज आवाज में शॉर्ट सर्किट होने से लोग घबरा गए और भगदड़ मच गई।
 कितना चौड़ा है ये FOB
– रेलवे के मुताबिक, जिस ब्रिज पर हादसा हुआ वो 5 मीटर चौड़ा और 32 मीटर लंबा है। इस पर डुअल एक्जिट है।
 रोजाना कितने लोग गुजरते हैं इस ब्रिज से?
– इस फुटओवर ब्रिज से हर दिन 3 लाख से ज्यादा लोग गुजरते हैं। इस इलाके में कई कॉर्पाेरेट ऑफिस हैं। सुबह 10 से 11 बजे ऑफिस आने जाने वालों की वजह से अक्सर भीड़ रहती है। त्योहारी सीजन की वजह से भीड़ और ज्यादा थी।
Q. किस लाइन को जोड़ता है यह ब्रिज?
– यह ऐसा रेलवे स्टेशन है जो एलफिन्स्टन रोड और परेल रेलवे स्टेशन को जोड़ता है। यह स्टेशन वेस्टर्न लाइन पर पड़ता है।
 कितना पुराना था यह ब्रिज?
एलफिन्स्टन ब्रिज 104 साल पुराना था। 1911 में लॉर्ड एलफिन्स्टन के नाम पर स्टेशन बनाया गया था। इसके दो साल बाद ब्रिज बनाया गया। लॉर्ड एलफिन्स्टन 1853 से 1860 तक बॉम्बे के गवर्नर रहे थे।
 रेल मंत्री ने क्या कहा?
– रेलवे मिनिस्टर पीयूष गोयल घायलों का हाल जानने के लिए केईएम हॉस्पिटल पहुंचे।
– पीयूष गोयल ने कहा, “बहुत ही दुखद हादसा हुआ है, मुझे बहुत दुख है। जिन लोगों की इसमें मृत्यु हुई है, उनके परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं, जो मुंबईकर है, जो जल्दी ठीक हो जाएं, ऐसी मेरी प्रार्थना है। ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कदम उठाने को सरकार प्रतिबद्ध है। हादसे की जांच के आदेश दिए गए हैं। पश्चिम रेलवे के मुख्य अधिकारी इसकी जांच करेंगे।”
– रेलवे मिनिस्टर ने कहा, “मुंबई रेलवेज के इम्प्लॉईज ने हादसे को लेकर मेरी अपील को मंजूर कर लिया है और अब वे दशहरा नहीं मनाएंगे।”
 स्टेशन पर बकाया कामों के लिए क्या कदम उठाया?
– हादसे के बाद रेलवे मिनिस्ट्री ने एलफिन्स्टन स्टेशन पर बकाया कामों के लिए 12 करोड़ 83 लाख रुपए का टेंडर जारी किया। टेंडर में यात्रियों को पैदल चलने के पुल के लिए 9 करोड़ और स्टेशन के अन्य कामों के लिए 3 करोड़ रुपए की राशि तय की गई है। नवंबर तक टेंडर भरा जा सकता है, मंजूरी मिलने पर काम शुरू किए जाएंगे।
 हादसे पर शिवसेना ने क्या कहा?
– शिवसेना लीडर संजय राउत ने कहा, “सरकार के ऊपर सदोश मनुष्यवध की FIR दर्ज की जानी चाहिए और रेलवे मिनिस्ट्री के खिलाफ मुकदमा करना चाहिए।”
 शिवसेना ने पुल को लेकर क्या लेटर लिखा था?
– शिवसेना सांसद अरविंद सावंत और राहुल शेवाले ने 2015 और 2016 में रेल मंत्रालय को इस ब्रिज को चौड़ा करने के लिए पत्र लिखा था। शिवसेना सांसदों ने इस ब्रिज को 12 मीटर चौड़ा करने की मांग की थी। यही नहीं, शिवसेना सांसद राहुल शेवाले ने संसद में भी इस रेलवे ब्रिज का मुद्दा उठाया था।
 लेटर पर सुरेश प्रभु ने क्या जवाब दिया था?
– लेटर के जवाब में रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने 20 फरवरी 2016 को ग्लोबल स्लोडाउन और फंड की कमी का हवाला दिया था। प्रभु ने पत्र में लिखा था कि रेलवे मुश्किल हालात से गुजर रहा है। हालांकि, रेल मंत्रालय ने शिवसेना सांसद अरविंद गणपत सावंत को लिखे पत्र में मांग पर पॉजिटिव विचार करने की बात लिखी थी।
 अब रेलवे मिनिस्ट्री ने क्या सफाई दी है?
– रेलवे मिनिस्ट्री के अधिकारी के मुताबिक, एलफिन्स्टन रेलवे पर एडिशनल फुट ओवर ब्रिज पहले से ही मंजूर है। रेलवे मिनिस्ट्री ने इसके लिए 9.5 करोड़ रुपए मंजूर किए हैं।
– शुक्रवार देर शाम वेस्टर्न रेलवे ने कहा, “इस ब्रिज के पैरलल नए 12 मीटर लंबे एफओबी के लिए मंजूरी दी जा चुकी है। इसके अलावा स्टेशन को भी एक्सटेंड करने का प्लान है।”
Leave A Reply