मिलिट्री बेस पर हमले से पहले सऊदी हमलावर ने अमेरिका को ‘बुराई का देश’ बताया था।

जिहादी समूहों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने वाली अमेरिकी इंटेलिजेंस ग्रुप एसआईटीई ने बताया कि हमले से पहले उसने सोशल मीडिया पर अमेरिका को ‘बुराई का देश’ बताया था।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : सऊदी हमलावर द्वारा अमेरकी मिलिट्री बेस पर हमले के मामले में नए खुलासे हो रहे हैं। अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित पेंसकोला नौसैनिक बेस पर शुक्रवार को हुई गोलीबारी में हमलावर समेत 4 लोग मारे गए। इसके अलावा सुरक्षाबलों से जुड़े 8 अधिकारी जख्मी हो गए। जिहादी समूहों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखने वाली अमेरिकी इंटेलिजेंस ग्रुप एसआईटीई ने बताया कि हमले से पहले उसने सोशल मीडिया पर अमेरिका को ‘बुराई का देश’ बताया था। एसआईटीई के मुताबिक, हमलावर ने ट्विटर पर कहा था, ‘‘मैं बुराई के खिलाफ है। अमेरिका पूरी तरह एक ‘बुराई के देश’ में बदल चुका है। मैं सिर्फ आपके अमेरिकी होने के खिलाफ नहीं हूं। मैं आपके आजादी की वजह से आपसे नफरत नहीं करता। मैं इसलिए नफरत करता हूं, क्योंकि हर दिन आप न केवल मुसलमानों का बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध का समर्थन करते हैं।’’ हमलावर की पहचान सऊदी अरब के नागरिक के तौर पर हुई। सऊदी अरब के किंग मोहम्मद बिन सलमान ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को फोन कर बर्बर घटना पर दुख जताया। ट्रम्प ने शुक्रवार को ट्वीट किया- सऊदी किंग सलमान ने अपनी संवेदना और अपनी सहानुभूति जताने के लिए फोन किया। उन्होंने इस बर्बर घटना पर गुस्सा जताया। किंग सलमान ने कहा- हमलावर किसी भी तरह से सऊदी लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व नहीं करता है। सऊदी नागरिक इस घटना से बेहद दुखी हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घटना शुक्रवार सुबह फ्लोरिडा के यूएस नेवल एयर बेस पेंसकोला में हुई। शूटर ने बेस पर खुलेआम फायरिंग कर दी। इसमें अमेरिकी रक्षा विभाग के लिए काम कर रहे शिपयार्ड के कर्मचारी मारे गए। हमलावर की पहचान सऊदी अरब के नागरिक मोहम्मद सईद अलशमरानी के रूप में की गई। शूटर सऊदी एयरफोर्स का सदस्य था और बेस पर ट्रेनिंग कर रहा था। इस पर फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसांटिस ने कहा, ‘‘जाहिर तौर पर उस युवक के विदेशी नागरिक होने, सऊदी एयर फोर्स का हिस्सा होने और फिर हमारी धरती पर ट्रेनिंग लेने और ऐसा करने को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।’’ एसकाम्बिया काउंटी के शेरिफ डेविड मॉर्गन ने बताया कि इस मामले में जांच जारी है। घटना के आतंकवाद से जुड़े होने की जांच की जा रही है। अभी इस मामले में और जानकारी आना बाकी है।

Leave A Reply