रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण : कर्नाटक में सड़कों, इमारतों और बिजली कनेक्शन की बहाली करेगी सेना
घर, दुकान और सड़कें बारिश की वजह से क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। कर्नाटक के समाज कल्याण मंत्री प्रियांक खड़गे ने कोडागु में नुक्सान की भरपाई के लिए 25 करोड़ रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण आज कर्नाटक के बाढ़ प्रभावित इलाके कोडागु का दौरा कर रही हैं। कोडागु में भारी बारिश, बाढ़ और भूस्खलन के चलते काफी नुक्सान हुआ है। निर्मला सीतारमण बारिश से हुए नुक्सान का आकलन कर रही हैं। पिछले हफ्ते भारी बारिश के चलते इस इलाके में 12 लोगों की मौत हो गयी थी। घर, दुकान और सड़कें बारिश की वजह से क्षतिग्रस्त हो गयी हैं। कर्नाटक के समाज कल्याण मंत्री प्रियांक खड़गे ने कोडागु में नुक्सान की भरपाई के लिए 25 करोड़ रूपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।कोडागु पहुंचकर रक्षा मंत्री ने कहा, ‘मैं यहां इसलिए आई हूं, क्योंकि कोडागु में कुछ सड़कों, घरों, इमारतों, पानी और बिजली कनेक्शन की बहाली सेना द्वारा की जाएगी और वायुसेना भी लगातार मदद करने की कोशिश कर रही है।’ बता दें कि अब तक बाढ़ के कारण कुल 12 मौत हो चुकी है। 845 मकान क्षतिग्रस्त हैं।इससे पहले कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने कोडागु जिले के लिए केंद्र से राहत की मांग की। उन्होंने केंद्र से आग्रह कर 100 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही। मीडिया को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने केरल के लिए 500 करोड़ रुपये की सहायता राशि देने का एलान किया है, कोडागु के लिए हम केवल 100 करोड़ रुपये की उम्मीद करते हैं।’ उन्होंने आगे बताया कि इसके लिए हम केंद्र सरकार से अनुरोध करेंगे। हमें कनेक्टीविटी के लिए सड़कों की मरम्मत करानी होगी। हम आर्मी व राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) से मदद ले रहे हैं।