रोबोट ने की ट्यूमर की सफल सर्जरी

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ):  मेडिकल की फील्ड में डॉक्टरों को एक बड़ी सफलता उस वक्त लगी जब दुनिया में पहली बार रोबोट के ज़रिए एक सर्जरी की गई. भारतीय मूल के सहायक प्रोफेसर नील मल्होत्रा एक सर्जन की अगुवाई में एक मरीज़ की गर्दन से रोबोट की सहायता से ट्यूमर को निकाला गया.कॉर्डोमा एक तरह का कैंसर है जो कि खोपड़ी और रीढ़ की हड्डी के बीच में होता है. कॉर्डोमा का ट्यूमर धीरे-धीरे गंभीर रूप अख्तियार कर लेता है. खास बात ये है कि कई सालों तक इसके बारे में पता भी नहीं लगता.अमेरिका के 27 साल के नोआ पर्निकॉफ 2016 में एक कार हादसे में जख्मी हो गए थे. मामूली चोट से उबरने के बाद एक दिन अचानक उनके गर्दन में काफी दर्द होने लगा था. इसके बाद एक्सरे कराया गया तो पता लगा कि गर्दन में काफी ज़ख्म है. ये जख्म दुर्घटना से संबंधित नहीं थे और उन्हें लगी चोट की तुलना में बहुत ज़्यादा घातक थे.इसके बाद उस जगह की बॉयोप्सी की गयी. बॉयोप्सी के बाद पता लगा कि  पर्निकॉफ को गर्दन में कॉर्डोमा ट्यूमर है. पर्निकॉफ ने कहा , ‘‘ मैं बहुत खुशनसीब हूं कि उन्होंने बहुत पहले इसका पता लगा लिया. बहुत से लोगों में इसका पता जल्द नहीं लग पाता है और इस कारण जल्दी इलाज भी मुमकिन नहीं हो पाता है. ’वैसे तो कॉर्डोमा के इलाज के लिए सर्जरी सबसे बेहतर विकल्प होता है लेकिन पर्निकॉफ के मामले में यह बहुत मुश्किल था. इसलिए प्रोटोन थेरिपी करके ट्यूमर को खत्म करने के  विकल्प पर विचार किया जाने लगा.वैसे तो कार्डोमा बहुत कम लोगों को होता है. हर साल दस लाख लोगों में कोई एक इससे प्रभावित होता है. पर्निकॉफ के मामले में इसका इलाज काफी चुनौतीपूर्ण था. अमेरिका के पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय के अस्पताल में पिछले साल अगस्त में पर्निकॉफ की रोबोट के ज़रिए सर्जरी हुई. यह सर्जरी तीन चरणों में की गई. सर्जरी के दूसरे चरण में रोबोट का इस्तेमाल किया गया.पहले दौर में न्यूरोसर्जन ने मरीज के गर्दन के पिछले हिस्से में ट्यूमर के पास रीढ़ की हड्डी को काट दिया ताकि दूसरे चरण में ट्यूमर को मुंह से निकाला जा सके. दूसरे चरण में सर्जिकल रोबोट के इस्तेमाल के ज़रिए डॉक्टरों की टीम ने उसके गर्दन से मुंह तक के हिस्से को साफ किया ताकि ट्यूमर को निकाला जा सके. तीसरे चरण में टीम ने पर्निकॉफ की रीढ़ की हड्डी को उसके पहले की जगह पर फिट कर दिया. सर्जरी के नौ माह बाद पर्निकॉफ काम पर लौट चुके हैं.

Leave A Reply