नई दिल्ली
कथित लव जिहाद के खिलाफ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े संगठन हिंदू जागरण मंच ने बड़े अभियान की तैयारी की है। हिंदू जागरण मंच इसकी शुरुआत यूपी से करने जा रहा है। टारगेट रखा गया है कि 6 महीने के भीतर यूपी में हिंदू लड़के कम से कम 2100 मुस्लिम बहुओं को घर लाएंगे। हिंदू जागरण मंच के यूपी अध्यक्ष अज्जू चौहान ने एनबीटी से खास बातचीत करते हुए कहा कि अब ‘लव जिहाद’ को मुंहतोड़ जवाब देने का वक्त आ गया है। अब उन्हें उन्हीं की स्टाइल में जवाब दिया जाएगा।
चौहान ने कहा, ‘हम यूपी के सारे जिलों के संगठन को टारगेट देंगे। पूरे यूपी में 6 महीने के भीतर कम से कम 2100 मुस्लिम लड़कियों को बहू बनाकर हिंदू घरों में लाना है। उन्होंने कहा कि यह टारगेट ज्यादा बड़ा नहीं है इसलिए आराम से पूरा हो जाएगा।’
हिंदू लड़के मुस्लिम लड़कियों से करेंगे शादी
हिंदू जागरण मंच के नेता ने कहा कि हम ऐसे हिंदू परिवारों से संपर्क करेंगे जिनके घर में शादी लायक लड़के हैं। उन्हें कहेंगे कि वह अपने घर में मुस्लिम लड़की को बहू बनाकर लाएं। क्या वह तैयार हो जाएंगे? यह पूछने पर चौहान ने कहा कि हम उन्हें समझाएंगे कि बहू तो बहू होती है। वह उनके घर पर आकर उनके सारे संस्कार सीख लेगी। साथ ही हम उन स्कूलों में जाएंगे जहां ज्यादा मुस्लिम लड़कियां पढ़ती हैं। हम मुस्लिम लड़कियों को समझाएंगे कि वह हिंदू लड़कों से शादी करेंगी तो ज्यादा सेफ रहेंगी और उन्हें इस बात का भी डर नहीं रहेगा कि उनका पति, दूसरी-तीसरी बीवी भी ले आया है।
डंके की चोट में करेंगे मुस्लिम लड़कियों से शादी: चौहान
चौहान ने कहा कि मुस्लिम कथित लव जेहाद के लिए अपनी पहचान छुपाकर हिंदू लड़कियों को टारगेट करते हैं। लेकिन हिंदू लड़के कोई फर्जी काम नहीं करेंगे। वह अपनी पहचान सही बताएंगे और फिर मुस्लिम लड़कियों से दोस्ती करेंगे। क्या ऐसे टारगेट करके मुस्लिम लड़कियों से अफेयर करना सही है? यह पूछने पर चौहान ने कहा कि अब जवाब देने का वक्त है।