विवादास्पद: यूपी से सपा विधायक नाहिद हसन ने मुसलमानों से की अपील- बीजेपी समर्थक दुकानदारों से न खरीदें सामान।

इस विडियो में कथित तौर पर वह अपने विधानसभा क्षेत्र में मुसलमानों से कह रहे हैं कि बीजेपी के समर्थक दुकानदारों से सामान न खरीदें।

(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) :    UP के कैराना से सपा विधायक नाहिद हसन का एक विवादस्पद वीडियो वायरल हुआ है। इस विडियो में कथित तौर पर वह अपने विधानसभा क्षेत्र में मुसलमानों से कह रहे हैं कि बीजेपी के समर्थक दुकानदारों से सामान न खरीदें। वह यह भी कह रहे हैं कि उनलोगों के सामान खरीदने से ही बीजेपी वालों की दुकान में सामान बिकता है और उनका घर चलता है। विडियो में विधायक कहते दिख रहे हैं, ‘मेरी आप सभी से यह अपील है। सभी कैराना और आसपास गांव के लोग जो यहां से सामान खरीदते हैं, उनसे हाथ जोड़कर अपील है कि बीजेपी के जितने भी लोग बाजार में हैं इनसे सामान लेना बंद कर दें। दस दिन-एक महीना तक चाहे झिंझाना से लेना पड़े या पानीपत से जाकर सामान ले लो। थोड़े दिन कष्ट उठा लो।’ विधायक नाहिद हसन यहीं नहीं रुके। आगे उन्होंने कहा, ‘इधर-उधर सामान ले लो। बीजेपी के लोगों की तबीयत में सुधार आ जाएगा। इन्हें पता चल जाएगा। हम सबके लिए यही बेहतर है। हम सामान खरीदते हैं तो इनका घर चलता है। इनका घर चलने के कारण हमलोगों पर जूता चलाया जाता है। मैं बस यही संदेश देना चाहता था।’ बताया जा रहा है कि नाहिद हसन अपने विधानसभा के एक इलाके में पहुंचे थे। यहां पर कथित तौर पर उन्होंने मुस्लिम समाज के लोगों के साथ बातचीत की और उन्हें कहा कि वे बीजेपी वालों से कोई सामान न खरीदें। किसी ने उनके बयान का यह विडियो बना लिया जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। एसपी विधायक के विडियो पर विपक्ष के नेताओं ने नाराजगी जाहिर की है।

Leave A Reply