सभी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में उप प्रधानाचार्य का पद सृजित किया जाएगा : मुख्यमंत्री
कुटलेहड़ क्षेत्र में खोला जाएगा अटल आदर्श आवासीय विद्यालय
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : शिमला। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में तैनात पीजीटी के नामावली प्रवक्ता (लैक्चरर) के रूप में बदली जाएगी और इस संदर्भ में अधिसूचना शीघ्र ही जारी की जाएगी इसके अतिरिक्त राज्य में सभी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में उप प्रधानाचार्य के पद सृजित किए जाएंगे। यह घोषणा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आज ऊना ज़िले गोंदपुर बनहेड़ा में हिमाचल प्रदेश शिक्षक संघ के चतुर्थ क्षेत्रीय सेमिनार को सम्बोधित करते हुए की। मुख्यमंत्री ने गुणात्मक शिक्षा पर बल देते हुए कहा कि मूल्यों के बिना शिक्षा समाज के लिए विनाशकारी है। उन्होंने कहा कि सुदृढ़ समाज के लिए छात्रों में उच्च नैतिक मूल्यों को विकसित करना शिक्षकों का कर्तव्य है। शिक्षकों को हमारी संस्कृति और परम्परा के बारे में छात्रों को शिक्षित करना चाहिए ताकि वह अपनी समृद्ध संस्कृति और इतिहास पर गर्व कर सकें। जय राम ठाकुर ने कहा कि एक छोटा राज्य होने के बावजूद भी हिमाचल प्रदेश को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में शिक्षा क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में चुना गया है, जिसका श्रेय राज्य सरकार की बेहतर नीतियों के अलावा शिक्षकों को भी जाता है। उन्होंने कहा कि एक समय में हमारे देश को विश्व गुरु के रूप में जाना जाता था और यहां की गुरु-शिष्य की परम्परा को सभी सराहते थे। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह परम्परा धीरे-धीरे लुप्त हो रही है। उन्होंने शिक्षकों से एक बार फिर सामूहिक रूप से कार्य करने का आग्रह किया ताकि इस खोए हुए गौरव को वापस पाया जा सके।