सीएम जयराम ठाकुर ने उद्यमियों को हिमाचल प्रदेश में निवेश के लिए किया आमंत्रित
मुख्यमंत्री ने राज्य में उपलब्ध निवेश की अपार संभावनाओं का किया प्रदर्शन बेंगलुरु में रोड शो आयोजित
(एनएलएन मीडिया – न्यूज़ लाइव नाऊ) : नई दिल्ली। राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश में निवेश के लिए इच्छुक उद्यमियों को हर संभव सहायता प्रदान करेगी और अपनी निवेश प्रतिबद्धताओं को वास्तविकता में बदलने के लिए, उन्हें आगे आना चाहिए और राज्य द्वारा प्रस्तावित विभिन्न निवेश अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने यह बात आज बेंगलुरु में आयोजित ‘रोड शो-बिजनेस टू गवर्नमेंट’ के दौरान उद्यमियों और उद्योगपतियों को संबोधित करते हुए कही। राज्य सरकार द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन राज्य में निवेश की अपार संभावनाओं को प्रदर्शित करने के लिए कन्फैडरेशन ऑफ इण्डस्ट्रीज (सीआईआई) के साथ मिलकर किया गया था ताकि इस वर्ष 10 और 11 जून को धर्मशाला में आयोजित होने वाले ‘हिमाचल प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट -2019’ में भाग लेने के लिए उद्यमियों को आमंत्रित किया जा सके। मुख्यमंत्री ने उद्यमियों को राज्य की अपार निवेश क्षमता का प्रदर्शन करते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश भारत में विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है, जो पिछले वर्षों में मजबूत सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) विकास दर प्रदर्शित कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य न केवल देवभूमि है, बल्कि देश के औद्योगिक हब के रूप में उभरने की ओर भी अग्रसर है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने औद्योगिक नीति तैयार की है, जिसका उद्देश्य अत्याधुनिक अधोसंरचना विकसित करना, विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देना, समावेशिता को बढ़ावा देना, नवाचार को बढ़ावा देना और विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार के अवसर पैदा करना है।