‘सृजन घोटाला उजागर होने के बाद बिहार के स्वास्थ्य मंत्री बीमार, घर पर 4-4 डॉक्टर्स तैनात’

पटना: बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने नई सरकार के नए स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश सरकार के हजारों करोड़ का सृजन महिला घोटाला उजागर होने के बाद स्वास्थ्यमंत्री की हालत इतनी बिगड़ गई कि घर पर 4-4 डॉक्टर्स की तैनाती कर ली. तेजस्वी यादव ने स्वास्थ्य विभाग की उस चिट्ठी को भी सोशल मीडिया पर शेयर किया जिसके जरिये इन डॉक्टरों की तैनाती के आदेश जारी किए गए हैं.

उधर, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने राजद प्रमुख पर दुष्प्रचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पांच दिनों 2—7 अगस्त तक कुछ चिकित्सकों को उनके सरकारी आवास पर जनता को चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध कराने और कुछ सरकारी कार्य के निपटाने के लिए तैनात किया गया था. भाजपा के वरिष्ठ नेता मंगल ने कहा कि चूंकि वे मंत्रालय में नए हैं और विभाग के बारे में अधिक नहीं जानते, चिकित्सक उनके आवास पर आमजन की चिकित्सकीय मदद करने के लिए थे. हालांकि पांच दिन बाद जब स्थिति पटरी पर आ गई तो उन्हें आवास से हटा लिया गया.

तेजस्वी ने आगे ट्वीट किया, “बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने स्थायी रूप से अपने घर 4 डॉक्टर्स की तैनाती करवाई है. लालूजी के यहां अटेंडेंट की 2 दिन की नियुक्ति राष्ट्रीय बहस थी.”

पत्र में साफ-साफ लिखा है, “माननीय मंत्री, स्वास्थ्य विभाग, बिहार पटना के आवासीय कार्यालय (क्वार्टर नं.-4, टेलर रोड, चितकोहरा पुल के पास, पटना) में निम्नांकित कार्यक्रम के अनुसार कार्य सम्पादन हेतु निम्न अपर निदेशक, स्वास्थ्य सेवाएं, बिहार को अगले आदेश तक प्रतिनियुक्त किया जाता है.” जिन डॉक्टरों की तैनाती की गई है, उनमें डॉ. कृष्ण मोहन पूर्वे, डॉ. नंद कुमार मिश्रा, डॉ. नरेंद्र भूषण और डॉ. नागेश्वर प्रसाद का नाम शामिल है.

Leave A Reply