स्पेन: बार्सिलोना में आतंकी हमला, वैन ने 13 लोगों को कुचला, 2 संदिग्ध गिरफ्तार

बार्सिलोना
स्पेन में कुछ ही घंटों के अंतराल पर 2 आतंकवादी हमले हुए। गुरुवार को बार्सिलोना में एक शख्स ने भीड़ के ऊपर गाड़ी चढ़ाकर कई लोगों को कुचल डाला। इस घटना में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं और कई अन्य घायल हुए हैं। इस घटना के कुछ ही घंटे बाद स्पेन के तटीय शहर कैम्ब्रील्स में कुछ अन्य संदिग्ध आतंकवादी इसी तरह की एक घटना को अंजाम देने की कोशिश के दौरान पुलिस के हाथों मारे गए। कैम्ब्रील्स में पुलिस के साथ हुई इस मुठभेड़ के दौरान 5 संदिग्ध आतंकवादी मारे गए। ऐसा माना जा रहा है कि यह हमला बार्सिलोना में हुए हमले का ही हिस्सा था। पुलिस इन दोनों घटनाओं को एक-दूसरे से जुड़ा हुआ मान रही है। कैम्ब्रील्स हमले में शामिल संदिग्ध एक आउडी A3 कार में बैठे थे। उन्होंने आत्मघाती बेल्ट भी पहना था। लास रामब्लास में हुए हमले के कुछ ही घंटे बाद कैम्ब्रील्स में यह घटना हुई।

पुलिस का कहना है कि कैम्ब्रील्स में मारे गए पांचों संदिग्धों के पास आत्मघाती हमला करने वाली बम बेल्ट्स थीं। पुलिस के मुताबिक, इन्हीं संदिग्धों ने बार्सिलोना की सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट में भीड़ के ऊपर गाड़ी चढ़ाई और 13 लोगों को कुचलकर मार डाला। पिछले कुछ समय से यूरोप के कई देशों में इस तरह के हमले हुए हैं। बार्सिलोना में जिस जगह पर यह वारदात हुई, वह शहर की सबसे लोकप्रिय स्ट्रीट मानी जाती है। घटना के समय वहां बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और विदेशी पर्यटक मौजूद थे। कैम्ब्रील्स में हुए हमले के दौरान घटनास्थल पर खड़े 6 लोग घायल हुए हैं। इनमें पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि आतंकवादी ज्यादा से ज्यादा लोगों की हत्या करना चाहते थे।

स्पेन के आंतरिक मंत्री ने एक ट्वीट कर बार्सिलोना हमले में 13 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने लिखा, ‘हम पुष्टि कर सकते हैं कि इस हमले में 13 लोगों की मौत हुई है और 100 से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं।’ पुलिस ने ड्रिस ओकाबिर नाम के एक शख्स पर इस घटना में शामिल होने का संदेह जताया है। इससे पहले कुछ खबरों में कहा जा रहा था कि संदिग्ध घटनास्थल के पास ही एक बार में छुपे हुए हैं, लेकिन पुलिस ने इन खबरों को गलत बताया। लास रामब्लास स्ट्रीट बार्सिलोना की सबसे व्यस्त जगहों में से है। यहां कई दुकानें और रेस्तरां हैं। आमतौर पर यहां देर रात तक काफी चहल-पहल रहती है।

कैम्ब्रील्स घटना के विडियो फुटेज में शहर के बंदरगाह के पास जमीन पर 3 लोगों की लाशें नजर आ रही हैं। पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपने घरों के अंदर रहने को कहा है।
इन दोनों घटनाओं के अलावा स्पेन के अलकनार प्लात्जा नाम के तटीय शहर में गुरुवार सुबह हुई एक तीसरी घटना में एक घर के अंदर धमाका हुआ। पुलिस का कहना है कि जिन आतंकवादियों ने बार्सिलोना और कैम्ब्रीज में हमलों को अंजाम दिया, उसी सेल के साथ जुड़े कुछ संदिग्ध इस घर के अंदर बम बनाने की कोशिश करते हुए मारे गए। अलकनार प्लात्जा बार्सिलोना से करीब 200 किलोमीटर की दूरी पर है। ब्लास्ट के कारण घर पूरी तरह से नष्ट हो गया है। साथ ही, एक शख्स की मौत भी हुई है। एक अन्य संदिग्ध घायल हुआ है। धमाके की सूचना मिलने पर जब पुलिस और दमकल टीम यहां पहुंची, तब इस टीम में शामिल कई लोग वहां हुए एक दूसरे धमाके की चपेट में आकर घायल हो गए।

शुरुआत में अलकनार धमाके को दुर्घटना माना जा रहा था। बार्सिलोना में आतंकी हमला होने के बाद पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हुई हैं। इसके बाद कैम्ब्रीज में आतंकी हमला होने के बाद पुलिस इन तीनों घटनाओं को जुड़ा हुआ मानकर जांच कर रही है।

विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर कहा कि वह स्पेन में भारत के दूतावास के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक किसी भारतीय के मरने की खबर नहीं है। उन्होंने ट्विटर पर बार्सिलोना हमले के लिए इमर्जेंसी नंबर +34-608769335 भी दिया।

Leave A Reply