हिमाचल प्रदेश: कुल्लू के आउटर सिराज में जंगल से फैली आग में आठ मकान जल कर हुए राख।
आग में कोई मानवीय क्षति होने की कोई खबर नहीं है।
(एनएलएन मीडिया-न्यूज़ लाइव नाऊ) बालीचौकी: हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की नित्थर उपतहसील की शिल्ली पंचायत के डगैणी गांव में एक दुःखद अग्निकाण्ड हुआ है। इस भयानक अग्निकाण्ड में आठ घर जलकर राख हो गए हैं। इस अग्निकाण्ड में आग से झुलसकर एक गाय और एक बछड़े की मौत होने की सूचना है। ग्रामीणों के अनुसार वन रक्षण की गाड़ी भी आग की चपेट में आने से पूरी तरह जल गई है। बताया जा रहा है कि ये आग दो दिन से गांव के पास के जंगलों में लगी हुई थी। तेज हवाओं के कारण ये आग डगैणी गांव तक पहुंच गई और एक के बाद एक लकड़ी के बने आठ घरों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। फिलहाल आग में कोई मानवीय क्षति होने की कोई खबर नहीं है। इस अग्निकाण्ड से करीब एक करोड़ रुपये के प्रथमदृष्टया नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।